आधार कार्ड बिना नहीं मिलेगी छात्रवृत्ति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छात्रवृत्ति योजना में आधार कार्ड की अनिवार्यता कर दी गई है। बिना आधार कार्ड वाले विद्यार्थी इस योजना का लाभ पाने से वंचित हो जाएंगे। नवीं से परास्नातक तक विभिन्न कोर्सों में यह व्यवस्था लागू होगी। ये निर्देश शैक्षिक सत्र 2016-17 से प्रभावी हाेंगे। जल्द ही छात्रवृत्ति के आवेदन की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। उससे पहले सभी विद्यार्थियों को आधार कार्ड बनवाने की सलाह दी गई है।
शासन द्वारा नवीं से परास्नातक तक के विभिन्न कोर्सों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ दिया जाता है। इसके लिए विद्यार्थियाें को कॉलेज स्तर पर ऑनलाइन आवेदन करना होता है। उसके बाद जांच पड़ताल करके डीआईओएस के माध्यम से इसे शासन को भेज दिया जाता है।
वहां से सीधे एकाउंट में छात्रवृत्ति की रकम आती है। अभी तक विद्यार्थियों को केवल मूल प्रपत्र के आधार पर आवेदन करना होता था। मगर आधार कार्ड लगाना अनिवार्य नहीं था। लेकिन इस बार आवेदन की प्रक्रिया में आधार कार्ड को अनिवार्य कर दिया गया है। यह फैसला इसलिए लिया गया है कि पिछले वर्ष छात्रवृत्ति में तमाम फर्जीवाड़ा पकड़ा गया था।
एक-एक विद्यार्थी ने कई कोर्सों में आवेदन करके इसका लाभ प्राप्त कर लिया। इस फर्जीवाड़े पर लगाम लगाने के लिए शासन ने आधार कार्ड का सहारा लिया है। इसके जरिए फर्जीवाड़ा पर लगाम लगाई जाएगी। यह व्यवस्था चालू शैक्षिक सत्र से प्रभावी होगी।
मास्टर डाटा में शामिल हों कॉलेज
छात्रवृत्ति योजना का लाभ लेने के लिए सभी कॉलेजों को मास्टर डाटा में शामिल होना होता है। इस मास्टर डाटा में जो कॉलेज शामिल नहीं होंगे। उन कॉलेजों के विद्यार्थियाें को छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल सके गा। डीआईओएस ने नवीन मान्यता वाले कॉलेजों को मास्टर डाटा में एक सप्ताह के अंदर शामिल होने के निर्देश दिए हैं।
अभी से बनवा लें आधार कार्ड
छात्रवृत्ति योजना में आधार कार्ड की अनिर्वायता कर दी गई है। सभी विद्यार्थी अभी से अपने आधार कार्ड बनवा लें। जिससे आसानी से छात्रवृत्ति का लाभ प्राप्त कर सकें।
-राजा भानु प्रताप सिंह, डीआईओएस