सीतापुर। थानगांव के सिपतपुर गांव के मजरे लोनियनपुरवा में बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे एक घर में आग लग गई। आग की चपेट में आकर दो किशोरियों व एक बालिका सहित चार लोग झुलस गए। लोनियनपुरवा निवासी मेवालाल के घर उनकी साली सुमन देवी (17) खाना बनाने के लिए चूल्हा जला रही थी। चूल्हा ठीक से न जलने पर वह तारपीन का तेल लेकर आई और चूल्हे में डाल दिया। इससे आग भड़क उठी और पास में रखे पुआल को चपेट में ले लिया। वहीं, पास में बिस्तर पर मेवालाल की बहन नीलम देवी (14) और पुत्री अंशिका (5) सो रही थीं। बिस्तर ने आग पकड़ ली।
सुमन, नीलम व अंशिका आग की चपेट में आ गई। मेवालाल ने आग बुझाने की कोशिश की तो वह भी झुलस गए। मशक्कत के बाद आग बुझी। इसके बाद सुमन, नीलम और अंशिका को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से तीनों को जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया गया। वहां हालत अत्यधिक गंभीर होने पर नीलम देवी व सुमन देवी को लखनऊ स्थित सिप्स भेज दिया गया।