{"_id":"e2c643548c134773ae784257c9f8ca3d","slug":"high-tension-line-to-be-vulnerable-to-man-burnt-alive-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर युवक जिंदा जला","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर युवक जिंदा जला
अमर उजाला ब्यूरो/सीतापुर
Updated Sun, 20 Sep 2015 11:24 PM IST
विज्ञापन
पिसावां में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर एक युवक जिंदा जल गया। तेज हवा व बारिश के कारण तार टूट गया था। वह साइकिल से पिसावां जा रहा था। इसी बीच रास्ते में पड़े तार से उसकी साइकिल उलझ गई और वह साइकिल समेत जल गया। परिवारीजनों ने पावर कॉर्पोरेशन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
महोली कोतवाली के जगदेवा निवासी उमेश (22) रविवार दोपहर साइकिल से पिसावां जा रहा था। बताते हैं कि तेज हवा के साथ हुई बारिश के कारण सहियापुर के निकट हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया था। पर इस बात से उमेश अंजान था।
विज्ञापन
उधर से गुजरते ही साइकिल तार में उलझ गई। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, साइकिल लपटों में तब्दील हो गई और उमेश भी तारों में फंसकर जिंदा जल गया। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे पर उसे बचाने की कोई भी हिम्मत नहीं जुटा सका।
विज्ञापन
तत्काल लोगों ने पावर कॉर्पोरेशन के अफसरों को कॉल की। जिसके बाद बिजली सप्लाई रोकी गई, लेकिन तब तक उमेश की झुलसकर मौके पर ही मौत हो चुकी थी। थोड़ी ही देर में उमेश के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिवारीजनों ने पावर कॉर्पोरेशन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
आरोप है कि पूरे क्षेत्र में विद्युत लाइन के तार जर्जर हैं, जिम्मेदार अधिकारियों से तमाम बार शिकायतें की गईं, बावजूद इसके जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया। नतीजतन आज यह घटना हो गई। उधर, पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों ने इस मामले में चुप्पी साध रखी थी।
क्षेत्र के नागरिक पावर कॉर्पोरेशन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। उनका आरोप है कि क्षेत्र के तार जर्जर हैं, इसके बावजूद उन्हें बदला नहीं जा रहा है। रविवार को पिसावां कस्बे में मिश्रिख मार्ग, देवरिया गांव व सहियापुर में बिजली के तार टूटे पड़े थे।
एक ही दिन में तीन-तीन स्थानों पर तार का टूटना बिजली के तार की मजबूती पर सवाल उठाता है। यदि तार जर्जर न होते, तो शायद ही वे टूटकर जमीन पर गिरते और हादसों का सबब बनते।