इंदिरा आवास के 20 लाभार्थियों पर दर्ज होगा केस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंदिरा आवास योजना में धन का दुरूप्रयोग करने वाले बीस लाभार्थियों के विरूद्ध केस दर्ज कराया जाएगा। इन लाभार्थियों ने आवास योजना में मिले धन का दुरुपयोग किया है। जिसके चलते यह कार्यवाही की जाएगी।
शुक्रवार को एलिया विकास खंड में आवासीय योजना की समीक्षा के दौरान यह निर्देश परियोजना निदेशक केके सिंह ने दिए। पीडी ब्लॉक में आवासीय योजनाओं को लेकर समीक्षा करने आए थे। पीडी ने समीक्षा में पाया कि ग्राम सेकरूहा में जनवरी 2016 में 23 लाभार्थियों को इंदिरा आवास योजना के तहत प्रति लाभार्थी 35-35 हजार रुपये सभी के खातों में भेजे गए थे।
इनमें तीन लाभार्थियों ने मिले धन का उपयोग आवास योजना में किया, जबकि अन्य बीस लाभार्थियों ने खातों से धन तो निकाल लिया, लेकिन आवास नहीं बनाए। बीडीओ के स्तर से कई बार दी गई नोटिसों का इन लाभार्थियों ने संज्ञान नहीं लिया, जिस पर पीडी ने गंभीर नाराजगी जताते हुए इन सभी बीस लाभार्थियों के विरूद्ध थाने में केस दर्ज कराने के निर्देश दिए।
पीडी ने ब्लॉक के वित्तीय वर्ष 2015-16 की आवास योजना की समीक्षा में पाया कि ब्लॉक के सभी गांवों में 1453 लाभार्थियों को आवास की प्रथम किश्त दी गई थी, जिसके सापेक्ष 1386 लोगों को ही दूसरी किश्त दी गई है, शेष लाभार्थियों को एक सप्ताह में दूसरी किश्त देने के निर्देश बीडीओ को दिए गए। पीडी ने इस दौरान ग्राम पंचायतवार समीक्षा में सचिव हंसराज, कर्णकुमार तिवारी, उमाकांत का कार्य बेहद खराब पाया। जिस पर पीडी ने इन सचिवों के कार्य की निंदा करते हुए बीडीओ को सभी के विरूद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए।