फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Sitapur News ›   जनता को मिली तरक्की की गाड़ी

जनता को मिली तरक्की की गाड़ी

Thu, 10 Jan 2019 12:34 AM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Thu, 10 Jan 2019 12:34 AM IST
विज्ञापन
जनता को मिली तरक्की की गाड़ी
ऐशबाग-सीतापुर रूट पर फिर दौड़ी ट्रेन, रेल राज्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी, देश के कई महानगरों से सीधे जुड़ा सीतापुर
विज्ञापन

सीतापुर/खैराबाद। ऐशबाग-सीतापुर रेल खंड पर ढाई बरस बाद रौनक दिखी। आमान परिवर्तन के चलते 130 वर्षों तक मुसाफिरों को सुहाना सफर कराने वाली छोटी लाइन की ट्रेनों का संचालन 14 मई 2016 से बंद था। ये कार्य पूरा होने के बाद ब्रॉडगेज ट्रैक चालू कर दिया है।

बुधवार को रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने खैराबाद स्टेशन पर आयोजित समारोह में एलईडी स्क्रीन पर हरी झंडी दिखाकर सीतापुर-ऐशबाग रेल खंड का उद्घाटन व ब्रॉडगेज ट्रेनों के संचालन का शुभारंभ किया।
विज्ञापन


बाद में उन्होंने कहा कि 260 किमी लंबे ऐशबाग-पीलीभीत खंड के आमान परिवर्तन कार्य को वर्ष 2011-12 में स्वीकृति प्रदान की गई थी। इस परियोजना के प्रथम चरण में लगभग 374 करोड़ रुपये की लागत से आमान परिवर्तित 88.25 किमी. लंबी यह रेल लाइन प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सीतापुर को जोड़ रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन


मीटर गेज से ब्रॉडगेज में यह लाइन परिवर्तित होने से सीतापुर देेश के कई महानगरों से सीधी रेल सेवा के माध्यम से जुड़ गया हैं। जिससे इस क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को गति मिलेगी। सिन्हा ने कहा कि सीतापुर-ऐशबाग खंड पर तीन जोड़ी सवारी गाड़ियों का संचालन होगा।

इसके अतिरिक्त गोरखपुर-गोमतीनगर एक्सप्रेस का मार्ग विस्तार सीतापुर तक किया गया है और सीतापुर जंक्शन पर मानक के अनुरूप यात्री सुविधाऐं उपलब्ध करा दी गई हैं।

रेल राज्यमंत्री ने कहा कि भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए भारतीय रेल की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के लिएबड़े पैमाने पर आमान परिवर्तन, दोहरीकरण, नई रेल लाइन, विद्युतीकरण की परियोजना की स्वीकृत और नए कारखानों की स्थापना प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट कमेटी ने भारतीय रेल पर सभी बड़ी रेल लाइनों के सभी खंडों के विद्युतीकरण की मंजूरी प्रदान कर दी है। रेल मंत्रालय द्वारा उत्तर प्रदेश में रेलवे के इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

प्रदेश में रेलों के विकास को वर्ष 2009-2014 तक के 1,109 करोड़ की तुलना में वर्ष 2014-2019 तक 5,278 करोड़ का आवंटन किया। यह 376 प्रतिशत अधिक है। उत्तर प्रदेश में 2014 से अब तक 409 किमी. नई रेल लाइन का निर्माण, 471 किमी. आमान परिवर्तन, 2,156 किमी. रेल लाइनों का विद्युतीकरण करने के साथ ही 29 सड़क उपरिगामी पुलों का निर्माण पूरा किया गया।

अभी हाल ही में खलीलाबाद-डुमरियागंज-श्रावस्ती-बहराइच (240 किमी.) नई रेल लाइन निर्माण को मंजूरी दी गई है। पूर्वोत्तर रेलवे में अधिकतर मीटर गेज की लाइनों को बड़ी लाइनों में परिवर्तित किया जा चुका है। मीटर गेज की शेष लाइनों को बड़ी लाइन में बदलने का कार्य तेजी से चल रहा है।

सिन्हा ने कहा कि वर्तमान में पूर्वोत्तर रेलवे के मीटर गेज के सभी खंड आमान परिवर्तन के लिए स्वीकृत हो चुके हैं। सीतापुर जंक्शन-पीलीभीत, पीलीभीत-शाहजहांपुर, इन्दारा-दोहरीघाट खण्डों का आमान परिवर्तन तेजी से किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बुढ़वल-गोण्डा एवं डोमिनगढ़-गोरखपुर-कुसुम्ही तीसरी रनिंग लाइन तथा गोरखपुर-नकहा जंगल दूसरी लाइन निर्माण का कार्य प्रगति पर है। वाराणसी-बलिया और गोरखपुर कैंट-कप्तानगंज-पनियहवा खंडों के विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है।

अन्य खंडों का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को उच्च स्तरीय सुविधा प्रदान करने के लिए स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। सभी स्टेशनों पर स्वचालित सीढ़ियां, लिफ्ट, ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन, वाटर वेंडिंग मशीनों की स्थापना तथा यात्री बेंचों, यात्री छाजन और नए शौचालय बनेंगे।

इसके अतिरिक्त स्टेशन भवनों, सरकुलेटिंग एरिया और स्टेशन के पहुंच मार्गों का विस्तार किया जाएगा। प्लेटफॉर्मों के उच्चीकरण और विस्तारीकरण के साथ ही स्टेशनों पर फुट ओवरब्रिज बनेंगे। समारोह को सीतापुर सांसद राजेश वर्मा, मोहनलाल गंज सांसद कौशल किशोर, लखीमपुर खीरी सांसद अजय मिश्र टेनी ने भी संबोधित किया।

साथ ही क्षेत्र के विकास में रेलवे के योगदान पर प्रकाश डालते हुए रेल संबंधी जन आकांक्षाओं की ओर रेल राज्य मंत्री का ध्यान आकृष्ट किया। इससे पूर्व पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय रेल पर यूनीगेज प्रणाली के तहत देश की सभी छोटी लाइनों को बड़ी लाइनों में बदलने का कार्य किया जा रहा है।

सीतापुर जंक्शन- ऐशबाग (लखनऊ) छोटी लाइन का आमान परिवर्तन कर इस खंड पर नई गाड़ियों का संचालन शुरू किया गया। इस अवसर पर विधायक रामकृष्ण भार्गव, महेन्द्र प्रताप सिंह, सुरेश राही, योगेश वर्मा, पूर्व केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री रामलाल राही, पूर्व सांसद जनार्दन मिश्रा आदि उपस्थित थे।

संचालन मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी संजय यादव ने किया और अतिथियों का आभार मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ विजय लक्ष्मी कौशिक ने जताया।

...जब रेल ट्रैक पर आ गया दर्शकों का हुजूम
खैराबाद। खैराबाद अवध रेलवे स्टेशन पर उस समय खलबली मच गई है। जब सीतापुर जंक्शन से चलने वाली ट्रेन खैराबाद स्टेशन पहुंची तो उसे देखते ही सैकड़ों लोग शोर मचाने के साथ ट्रैक पर आ गए और सभी ट्रेन संग सेल्फी लेने में जुट गए।

यह देख आननफानन पुलिस हरकत में आई और सभी को वहां से हटाया है। ऐसे में करीब दस मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। ट्रैक को खाली कराने के बाद ट्रेन को खैराबाद अवध स्टेशन से लखनऊ के लिए रवाना किया गया।

सम्मानित होंगे ट्रेन के पायलट व गार्ड
सीतापुर। सीतापुर जंक्शन से ऐशबाग रेल खंड पर डेमू ट्रेन के लोको पाययट व गार्ड सम्मानित किए जाएंगे। इन्हें यह सम्मान सुरक्षित तरीके से यात्रियों को लखनऊ पहुंचने के लिए दिया जाएगा। दरअसल, बुधवार को आमान परिवर्तन के बाद इस रूट का उद्घाटन कर एक डेमू ट्रेन सीतापुर जंक्शन से लखनऊ जंक्शन के लिए रवाना की गई थी।

इस ट्रेन को लोको पायलेट सुबोध कुमार, धनबिहारी, प्रशांत श्रीवास्तव व खुशहाल सिंह व गार्ड अमित कुमार लेकर लखनऊ गए थे। सुरक्षित तरीके से ट्रेन को लखनऊ पहुंचने पर रेलवे विभाग सभी को शीघ्र ही सम्मानित करेगा। लोको पायलेट सुबोध ने बताया कि ट्रेन के अच्छे संचालन के लिए डीआरएम ने सभी ट्रेन के पायलट को सम्मानित करने की बात कही।

संगठनों ने रेल राज्यमंत्री को गिनाईं समस्याएं
सीतापुर। विभिन्न संगठनों ने रेल समस्याओं को लेकर रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा को अपनी समस्याएं बताई। साथ ही उन्हें मांगपत्र भी दिए। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी संजय मिश्रा ने कहा कि शहर के पुलिस लाइन क्रॉसिंग पर रोजाना जाम की समस्या रहती है। इसे देखते हुए यहां की क्रॉसिंग पर फ्लाई ओवर का निर्माण कराने की मांग की है।

इसके अलावा प्रयागराज में कुंभ मेला शुरू हो गया है। इस मेले में सीतापुर से भी हजारों की संख्या में लोग कुंभ में जाते हैं। इसे देखते हुए सीतापुर जंक्शन से प्रयागराज के लिए रेलगाड़ी चलाने की मांग की। नगर पालिका परिषद बिसवां के पूर्व अध्यक्ष अब्दुल अतीक खां ने भी रेल राज्यमंत्री को मांगपत्र देकर बिसवां स्टेशन पर जनसेवा व जननायक एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग उठाई है।


कमलापुर स्टेशन पर भी नागरिकों ने राज्यमंत्री को छह सूत्रीय मांगपत्र दिया। इसके जरिए से नागरिकों ने स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज, बेन्चों की संख्या बढ़ाने, प्रसाधन सुविधा में इजाफा करने की मांग की है। इसके अलावा पट्टी गांव में रास्ता बनाए जाने की मांग रखी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed