जिले की 350 ग्रामीण सड़कों पर भरा पानी, आवाजाही बंद
सिद्धार्थनगर। राप्ती और बूढ़ी राप्ती नदी की बाढ़ से जिले की 350 से अधिक ग्रामीण सड़कों पर पानी भर गया है। यहां तक कि जिले की आठ प्रमुख सड़कों पर भी पानी चढ़ने से कई जगहों पर आवागमन बंद है।
राप्ती और बूढ़ी राप्ती नदियों के बढ़े जलस्तर से जिले में तबाही मची हुई है। इससे नौगढ़, बांसी, इटवा, शोहरतगढ़ और डुमरियागंज तहसीलों की ग्रामीण सड़कें जलमग्न है। बृहस्पतिवार को बांसी-डुमरियागंज मार्ग पर बंजरहवा गांव के पास पानी चढ़ जाने आवागमन बंद है। इसी तरह इटवा-डुमरियागंज, ढेबरूआ-इटवा और होरिलापुर समेत कई मार्गों पर बाढ़ का पानी चढ़ने आवागमन बंद है। जबकि ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों का हाल और भी बदहाल है। जोगिया के कछार क्षेत्र को जोड़ने वाली ककरही-टड़िया मार्ग, उसका क्षेत्र में हथिवड़ताल मार्ग पर पानी भरा हुआ है। ढेबरुआ से इटवा जाने वाली सड़क पर बाढ़ के पानी में परिजनों समेत रिक्शा चालक के बहने का हादसा हो चुका है। इससे सहमे लोग अब बाढ़ के पानी से भरी सड़क पर गुजरने से परहेज करते दिख रहे हैं।