संवाद न्यूज एजेंसी
तुलसियापुर। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के बढ़नी क्षेत्र में बूढ़ी राप्ती नदी कटान करते हुए खैरी शीतल प्रसाद ग्रामपंचायत के मुख्य टोले खैरी गांव के एकदम नजदीक पहुंच गई है।
गांव को जोड़ने वाली सड़क, प्राथमिक विद्यालय और कई घर कटान की जद में आ गए हैं। मुख्यमंत्री ने भी 2017 में बाढ़ क्षेत्र का मुआयना करने के दौरान गांव को कटान से बचाने के लिए स्थाई ठोकर बनवाने का निर्देश दिया था, लेकिन आठ वर्ष बाद भी खैरी टोले को कटान से बचाने का कोई भी प्रयास जिला व तहसील प्रशासन द्वारा नहीं किया गया। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के बूढ़ी राप्ती, घोरही, बानगंगा, सोतवा जैसी नदियों व नालों के किनारे बसे दर्जनों ग्रामपंचायतों के ढाई दर्जन से अधिक टोले बारिश में लगभग हर वर्ष बाढ़ से प्रभावित रहते हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों की हजारों आबादी को बाढ़ के कहर से बचाने के लिए कोई भी स्थायी उपाय नहीं किया गया।