फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Siddharthnagar News ›   Disregarding rules is proving costly; lives are being lost in road accidents.

Siddharthnagar News: नियमों की अनदेखी पड़ रही भारी, सड़क हादसों में गंवा रहे जान

Thu, 15 Oct 2026 11:17 PM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Thu, 15 Oct 2026 11:17 PM IST
विज्ञापन
Disregarding rules is proving costly; lives are being lost in road accidents.
शहर के सिद्धार्थ तिराहे पर बिना हेलमेट के बाइक पर बैठे हुए तीन सवारी। संवाद
सिद्धार्थनगर। सड़क सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई के बावजूद लोग लापरवाही से बाज नहीं आ रहे हैं। इसका खामियाजा सड़क हादसों में जान गंवाकर भुगतना पड़ रहा है।
विज्ञापन

जिले में एक सप्ताह के भीतर हुए तीन भीषण सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो चुकी है। भवानीगंज थाना क्षेत्र के बयारा में एक ही गांव के तीन दोस्तों की मौत ने सभी को झकझोर दिया। तीनों एक बाइक पर सवार होकर निकले थे। हादसे के वक्त वे हेलमेट पहने थे या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, एक बाइक पर तीन सवारियों का होना यातायात नियमों की अनदेखी को उजागर करता है।
विज्ञापन

सड़क हादसों में जान गंवाने वालों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट रहा है। इसके बावजूद कई वाहन चालक हेलमेट पहनने, निर्धारित संख्या में सवारी बैठाने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने जैसे जरूरी नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। पुलिस की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाने और चालान करने के बाद भी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

---------
एक माह में 49 लाख का जुर्माना, फिर भी नहीं सुधरे हालात
सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस सड़क पर चेकिंग करने के साथ विद्यालयों में भी जागरूकता अभियान चला रही है। पहले यह अभियान नवंबर तक चलाया जाता था, लेकिन अब इसे पूरे साल जारी रखा जा रहा है। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित सफर के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन जारी है। सितंबर में यातायात नियमों के अलग-अलग उल्लंघनों पर 4,900 वाहनों का चालान कर करीब 49 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। अक्तूबर में हुए हादसे बताते हैं कि सिर्फ जागरूकता और कार्रवाई से बात नहीं बनेगी, जब तक वाहन चालक खुद जिम्मेदारी नहीं समझेंगे।
----------
10 मिनट में 82 बाइक गुजरीं, कई ने नहीं पहना था हेलमेट
यातायात नियमों के पालन की स्थिति जानने के लिए बृहस्पतिवार को नौगढ़-बर्डपुर मार्ग पर दोपहर 1:10 से 1:20 बजे तक 10 मिनट में गुजरने वाली बाइक पर नजर रखी गई। इस दौरान कुल 82 बाइक गुजरीं। इनमें 52 चालकों ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि पांच लोग हेलमेट साथ लेकर चल रहे थे, लेकिन उसे पहना नहीं था। बाकी बाइक सवारों में भी बिना हेलमेट और तीन सवारी बैठाकर चलने वाले लोग नजर आए। यह स्थिति बताती है कि सड़क सुरक्षा के लिए नियम बनाए जाने और जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग अपनी सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरत रहे हैं।
----------
बयारा में तीन दोस्तों की मौत से दहला इलाका
13 अक्तूबर की रात : भवानीगंज थाना क्षेत्र के चौरा बनगवां गांव निवासी विशाल (16), मुकेश अग्रहरि (16) और इंद्रजीत गौतम (20) मंगलवार रात बाइक से घूमने निकले थे। वे बयारा स्थित एक निजी स्कूल के पास वाले मार्ग से बयारा चौराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भड़रिया की तरफ से बस्ती की ओर जा रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही गांव के तीन युवकों की मौत से परिवारों में कोहराम मच गया।
----
बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत
11 अक्तूबर : चिल्हिया थाना क्षेत्र के धेंसा चौराहे पर सड़क पर चढ़ते समय एक बाइक सवार को बस ने टक्कर मार दी। हादसे में पलिया के टोला सिसवा निवासी धीरेंद्र कुमार (35) पुत्र गिरजाशंकर की मौत हो गई। वह बरगदवा चौराहे पर तकनीकी डिग्री कॉलेज संचालित करते थे। हादसे के समय उन्होंने हेलमेट पहना था या नहीं, इसकी जानकारी नहीं हो सकी।
--------
ट्रेलर की टक्कर से दो लोगों की गई जान
नौ अक्तूबर की रात : बांसी-बस्ती मार्ग पर सोनखर गांव के पास ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार शिवसागर पांडेय (52) पुत्र रामनिवास पांडेय निवासी पलदह, थाना महुली, संतकबीरनगर और वीरेंद्र कुमार पांडेय (40) पुत्र शिवपूजन पांडेय निवासी मझौवा खुर्द, थाना रुधौली, बस्ती की मौत हो गई। हादसा किस तरह हुआ, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था। बाद में लोग मौके पर पहुंचे।


कोट
सड़क हादसों को रोकने के लिए जागरूकता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पुलिस चेकिंग के साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रही है। विद्यालयों में भी बच्चों को सड़क सुरक्षा की जानकारी दी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की जा रही है।

- प्रशांत कुमार प्रसाद, एएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed