फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Siddharthnagar News ›   बची राजमति की कुर्सी, अविश्वास की कोशिश फेल

बची राजमति की कुर्सी, अविश्वास की कोशिश फेल

Wed, 02 Aug 2017 05:06 PM IST
Updated Wed, 02 Aug 2017 05:06 PM IST
विज्ञापन
बची राजमति की कुर्सी, अविश्वास की कोशिश फेल
उसका बाजार। सत्ताधारी भाजपा को उसका बाजार ब्लॉक में तगड़ा झटका लगा है। ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की कोशिश फेल हो गई। शक्ति प्रदर्शन के वक्त सदस्यों के तय समय तक उपस्थित न होने पर बैठक का कोरम ही पूरा नहीं हो सका। अतिरिक्त समय देने के बावजूद विलंब से पहुंचने पर सदस्यों को वापस लौटा दिया गया। कोरम पूरा होने के अभाव में ब्लॉक प्रमुख राजमति देवी की कुर्सी सुरक्षित हो गई है। ब्लॉक प्रमुख समर्थक खुशी से झूम उठे। उधर, मायूस विरोधी खेमे ने समय से उपस्थित न होने के लिए बारिश को कारण बताया है।
विज्ञापन

54 बीडीसी सदस्यों वाले उसका बाजार ब्लॉक में 45 सदस्यों ने 7 जुलाई को सुनीता पांडेय की अगुवाई में डीएम को शपथ पत्र देकर ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास लाने की इच्छा जताई थी। सत्ताधारी दल के नेताओं ने खुद सदस्यों की अगुवाई की थी। सदर विधायक और सांसद के करीबी कई चेहरे सदस्यों के साथ खड़े थे। तीन चौथाई सदस्यों के शपथ पत्र सौंपने से विरोधी खेमा अपनी जीत को लेकर आश्वस्त था। शपथ पत्रों के सत्यापन के बाद डीएम ने 2 अगस्त को शक्ति परीक्षण की तिथि तय की थी। तय कार्यक्रम के तहत सुबह 11 बजे से ब्लॉक सभागार में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होनी थी। इसके लिए सभी सदस्यों को पत्र भेजकर 11 बजे तक हर हाल में सभागार में पहुंचने को कहा गया था।
विज्ञापन

बुधवार को सदर एसडीएम डॉ. महेंद्र कुमार, बीडीओ संतोष सिंह, एडीओ पंचायत गुलाब सिंह 10 बजे ही ब्लॉक सभागार में पहुंच कर सदस्यों का इंतजार करने लगे, मगर 11 बजे तक कोई नहीं पहुंचा। एसडीएम ने 10 मिनट का अतिरिक्त समय देते हुए सदस्यों को सूचित कराया कि अगर इस अवधि में उपस्थित नहीं होते तो बैठक स्थगित कर दी जाएगी। इस अविध में भी कोई नहीं पहुंचा तो एसडीएम ने प्रवेश बंद करा दिया। 11.14 बजे सुनीता पांडेय 22 सदस्यों को लेकर ब्लॉक गेट पर पहुंचीं और बैठक में शामिल होने की अनुमति मांगी। लेकिन, समय सीमा खत्म होने के चलते उन्हें लौटा दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

बैठक का कोरम पूरा न होने से ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास की कोशिश भी फेल हो गई। एसडीएम के कोरम पूरा न होने की घोषणा करते ही ब्लॉक प्रमुख राजमति देवी के समर्थक खुशी से झूम उठे। एक-दूसरे को गले लगाकर खुशी जताई। इस बाबत एसडीएम डॉ. महेंद्र कुमार का कहना था कि बैठक की तिथि और समय काफी पहले ही निर्धारित कर सभी सदस्यों को पत्र भेजकर अवगत कराया गया था। 10 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया गया, लेकिन किसी के न पहुंचने पर बैठक स्थगित कर डीएम को सूचित कर दिया गया है। कोरम पूरा नहीं हो सका है।

बारिश के चलते हुई देर
बैठक में निर्धारित समय से न पहुंचने का कारण सुनीता पांडेय ने बारिश को बताया है। उन्होंने कहा कि सुबह से ही बारिश के चलते महिलाओं को घर से निकलने में दिक्कत हुई। कई जगह गांव के रास्ते में कीचड़ से होकर आने में देर हुई। इसके बावजूद सवा 11 बजे तक सभी सदस्यों के साथ उपस्थित हो गई थी।

सपा के टिकट पर जीती थीं राजमति देवी
जनवरी 2016 में हुए ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में उसका ब्लॉक से राजमति देवी ने सपा प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की थी। पार्टी से अधिकृत प्रत्याशी घोषित होने के बाद किसी प्रतिद्वंद्वी के मैदान में न उतरने के चलते वह निर्विरोध निर्वाचित हुईं। हालांकि सूबे में सत्ता परिवर्तन के बाद प्रमुख ने भी चोला बदल दिया था। सपा का झंडा उतारकर भगवा धारण कर लिया था। पार्टी में होने के बावजूद भाजपा में ही उनका विरोध था। एक जनप्रतिनिधि खुद उन्हें अपदस्थ करने के लिए विरोधी खेमे का मार्गदर्शन कर रहे थे।

उसका ब्लाक प्रमुख की खबर में जोड़....
प्रमुख ने कहा: सच्चाई की हुई जीत
उसका बाजार। अविश्वास प्रस्ताव की कोशिश विफल होने के बाद ब्लाक प्रमुख राजमति देवी ने इसे सच्चाई की जीत बताया। कहा कि विपक्षियों के आरोप निराधार और झूठ का पुलिंदा थे, जो आज साबित हो गया है। सदस्यों के मान-सम्मान का पूरा ख्याल रखते हुए ब्लाक के विकास को गति देने में निरंतर जुटी हुई हूं। सभी कार्य निर्धारित मानकों और शासनादेश के अनुरुप हुए हैं।

---
अब एक वर्ष तक नहीं आ सकेगा अविश्वास!
उसका बाजार। अविश्वास प्रस्ताव का कोरम पूरा न होने से ब्लाक प्रमुख राजमति देवी की कुर्सी फिलहाल एक वर्ष के लिए सुरक्षित हो गई है। पंचायती राज कानून के मुताबिक अब एक वर्ष तक उनके विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव नहीं लाया जा सकता। इस बाबत डीएम कुणाल सिल्कू का कहना था कि उसका में बैठक का कोरम पूरा न होने से अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा नहीं हो सकी। आगे की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed