Shravasti News: 9वीं की तीन छात्राएं रहस्यमय ढंग से लापता, घर से कॉलेज जाने को निकली थीं; पुलिस तलाश में जुटी
श्रावस्ती में 9वीं की तीन छात्राएं रहस्यमय ढंग से लापता हो गईं। वह घर से कॉलेज जाने को निकली थीं, लेकिन फिर घर नहीं लौटीं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के श्रावस्ती में एक कॉलेज में पढ़ने वाली कक्षा नौ की तीन छात्राएं शनिवार को रहस्यमय ढंग से लापता हो गईं। परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। तीन छात्राओं के लापता होने से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। वहीं घरवाले किसी अनहोनी की आशंका पर चिंतित हैं। पुलिस छात्राओं की तलाश में जुटी है।
सोनवा थाना क्षेत्र की दो किशोरियां और गिलौला थाना क्षेत्र निवासी एक किशोरी शनिवार को घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थीं। लेकिन, देर शाम तक घर नहीं लौटीं। किशोरियों के घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। कॉलेज पहुंचने पर पता चला कि 3 बजे ही छुट्टी हो गई थी।
इसके बाद परिजनों ने सगे-संबंधियों को फोन करके जानकारी ली। लेकिन, उन्हें सभी जगह से निराशा हाथ लगी। किसी अनहोनी की आशंका में परिजनों ने थाने पहुंचकर शिकायत की। गिलौला थाना प्रभारी विनय कुमार पांडेय ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज करके किशोरी की तलाश शुरू कर दी गई है। वहीं, सोनवा थाना प्रभारी बिशुनदेव पांडेय ने भी गुमशुदगी दर्ज करके तलाश शुरू करने की बात कही।
अपहरण की चर्चाओं से क्षेत्र में दहशत
एक साथ तीन किशोरियों के रहस्यमय ढंग से लापता होने के बाद से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। कुछ लोग तीनों छात्राओं के एक साथ कहीं घूमने जाने की बात कह रहे हैं, तो अधिकांश लोग अपहरण की चर्चा कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि एक साथ तीनों किशोरियां घूमने नहीं जा सकती हैं। उनका किसी गैंग ने सुनियोजित तरीके से अपहरण किया है।
पुलिस की दो टीमें, एसओजी व सर्विलांस तलाश में जुटी
सीओ भरत पासवान ने बताया कि तीनों किशोरियों की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। किशोरियों की तलाश में पुलिस की दो टीमें, एसओजी व सर्विलांस टीम को लगाया गया है। जल्द तीनों को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।