शामली में बड़ी घटना: फैक्टरी में लगी भीषण आग, छह लोग झुलसे, सभी को मेरठ किया रेफर
Shamli News : शामली में शनिवार शाम को एक बड़ी घटना हो गई। यहां एक फैक्टरी में भीषण आग लग गई। आग लगने से छह लोग झुलस गए हैं। सभी घायलों को मेरठ रेफर किया गया है।
विस्तार
शामली में शहर कोतवाली क्षेत्र में कैराना रोड पर औद्योगिक क्षेत्र स्थित पुराने टायर से तेल निकालने की फैक्टरी में बॉयलर फटने से आग लग गई। भीषण आग की चपेट में आकर वहां काम कर रहे छह लोग झुलस गए। गंभीर हालत में सभी को शामली के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया।
उधर, सूचना मिलने पर दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। बताया गया कि रात 10 बजे तक आग पर काबू पाया जा सका।
यह भी पढ़ें: हत्या: सन्नी नशे में है, रास्ते से हटाने का सही मौका! पत्नी ने प्रेमी को घर बुलाया, फिर पति को दी खौफनाक मौत
शहर के मोहल्ला शिवगंज मंडी निवासी गौरव गोयल की औद्योगिक क्षेत्र में पुराने टायर से तेल निकालने और बैटरी बनाने की फैक्टरी है। शनिवार शाम करीब चार बजे फैक्टरी के परिसर में स्थित पड़े पुराने टायरों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिसे देखते हुए फैक्टरी में काम कर रहे लोगों में अफरा तफरी मच गई।
इस दौरान आग की चपेट में आने से अंकित (35) निवासी गांव ऐरटी, महेश (40) निवासी गांव कंडेला, रामचंद्र (42) निवासी गांव कंडेला और एक अन्य व्यक्ति सहित छह व्यक्ति झुलस गए। आसपास के लोगों की मदद से गंभीर हालत में सभी को शहर के निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया।
बताया गया है कि आग बुझाने के दौरान फैक्टरी संचालक गौरव गोयल के हाथ भी मामूली रूप से झुलस गए। सूचना मिलने पर सीओ सिटी श्यामवीर, सीएफओ जेके श्रीवास्तव, एसडीएम सदर विनय कुमार, एफएसओ आलोक सिंह और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दमकल की तीन गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे और आग पर पानी डालकर काबू पाने की मशक्कत में जुट गए।
एफएसओ का कहना है कि आग पर नियंत्रण पा लिया गया है, लेकिन आठ बजे तक भी आग पूरी तरह से नहीं बुझ सकी है। एफएसओ ने बताया कि फैक्टरी में पुराने टायरों के निकट ही तेल से भरे तीन टैंकर खड़े थे, जिन्हें बचा लिया गया। उधर, एएसपी ओपी सिंह ने भी देर रात घटनास्थल का जायजा लिया।