Shamli : ये कैसी आचार संहिता ...अमर उजाला की पड़ताल में खुली अफसरों की पोल, जिले का हाल देख हर कोई हैरान
Shamli News : आचार संहिता लगने के बाद भी जिले में राजनीतिक दलों के पोस्टर लगे हुए हैं। अमर उजाला की टीम ने पड़ताल की तो प्रशासनिक अधिकारियों की पोल खुल गई।
विस्तार
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होते ही जिलेभर में लगे राजनैतिक दलों के पोस्टर, बैनरों को हटाने का कार्य भी गठित टीमें कर रही हैं। मगर आचार संहिता लागू होने के बावजूद शामली जिले के विभिन्न स्थानों पर राजनैतिक दलों के पोस्टर लगे हुए हैं, जिन्हें हटाने की तरफ विभागीय अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। पड़ताल के दौरान टीम को इस तरह का नजारा देखने को मिला।
स्थान : खेड़ी करमू गांव के पास
यहां पर कैराना लोकसभा सीट से एक पार्टी के प्रत्याशी के बैनर सड़क किनारे लगाए गए हैं, जिन्हें हटाने की तरफ गठित टीमों ने अभी तक कोई ध्यान नहीं दिया है। इसके कारण चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन हो रहा है।
स्थान- गढ़ीपुख्ता मार्ग पर
यहां पर भी एक दल के नेताओं ने कई होर्डिंग्स लगे हुए हैं। लोगों ने बताया कि किसी ने भी इन्हें हटाना मुनासिब नहीं समझा है। इसके आसपास दीवारों पर भी एक दल के स्लागन लिखे हुए हैं।
स्थान: बघेव पुलिया के पास
यहां पर भी एक दल के नेताओं के स्लोगन लिखे हुए हैं और पोस्टर लगा गए हैं। मगर किसी का ध्यान इन पर नहीं है।
स्थान: कैड़ी गांव
पेट्रोल पंप, चौपाल और अन्य स्थानों पर भी जगह-जगह राजनैतिक दलों के पोस्टर, बैनर लगाए गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बैनर आदि को हटाने की तरफ कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है।
यह भी पढ़ें: SP Candidates List: सपा ने बागपत सीट पर खेला बड़ा दांव, मनोज को बनाया उम्मीदवार, बढ़ सकती है BJP की मुश्किल
इन्होंने कहा...
राजनैतिक दलों के पोस्टर, बैनर हटाने के लिए टीमें गठित की गई हैं। अधिकतर जगह से उतरवा दिए भी गए हैं। यदि कहीं पर लगे हैं तो जल्द ही उतरवा दिए जाएंगे। चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन नहीं होने दिया जाएगा। - संतोष कुमार सिंह, एडीएम
यह भी पढ़ें: Election: तैयारी में जुटे उम्मीदवार, मतदाता बोले- गांव को सुंदर और गन्ने का उचित दाम दिलवाने वाले को देंगे वोट