हॉट सीट: हार जीत के गणित में उलझे समर्थक, कम प्रतिशत किसका बिगाड़ेगा खेल? फाइट में है BJP-SP के प्रत्याशी
Election 2024 : पूरे देश में हॉट सीट बनी कैराना में कांटे का मुकाबला रहेगा। मतदान होने के बाद जिले के लोग हार जीत के गणित में उलझे हुए हैं। कोई भाजपा तो कोई सपा और बसपा प्रत्याशी को जीता रहा है।
विस्तार
शामली में लोकसभा चुनाव के मतदान के बाद लोग प्रत्याशियों के हार-जीत के गणित में उलझे हुए हैं। कोई भाजपा तो कोई सपा, बसपा प्रत्याशी को जिताने का दावा कर रहा है।
कलक्ट्रेट के पास दुकान पर चुनाव को लेकर चर्चा कर रहे रफीक ने कहा कि इस बार मतदान प्रतिशत काफी कम हुआ। कम मत प्रतिशत किसी का भी खेल बिगाड़ सकता है।
मनोहर लाल ने कहा कि इस बार वोटरों में मत डालने को लेकर उत्साह नहीं था, जिसके कारण मत प्रतिशत कम हुआ। उदित और साहिल ने कहा कि कुछ भी हो मुकाबला तो इस बार भाजपा और सपा प्रत्याशी में ही है।
वहीं, बुढ़ाना रोड पर कपड़े की दुकान पर बैठे साजन और उनकी पत्नी अंजलि ने कहा कि भाजपा और सपा प्रत्याशी ही मुकाबले में हैं। कहीं पर भाजपा को इस चुनाव में बढ़त मिली तो कहीं पर सपा आगे निकलती नजर आई। इतना जरूर है कि बसपा दोनों का गणित बिगाड़ सकते हैं।
अनुराग ने कहा कि इस बार किसी भी जाति के मतदाताओं ने मत डालने को लेकर उत्साह नहीं दिखाया। जीत किसी की भी हो मगर हार जीत का अंतर इस बार बहुत कम रहेगा।
यह भी पढ़ें: UP: मेरठ-बागपत सीट पर उलझा जातीय गणित, मुस्लिमों का रहा स्पष्ट रुख, घटते मतदान ने बढ़ाई प्रत्याशियों की चिंता
स्ट्रांग रूम के बाहर समर्थकों ने डेरा डाला
मतदान के बाद ईवीएम की देखरेख के मद्देनजर सपा प्रत्याशी इकरा हसन के समर्थकों ने नवीन मंडी में टैंट लगाकर डेरा डाल दिया है। समर्थक ईवीएम की निगेहबानी कर रहे हैं। प्रत्याशी ने भी मतगणना निष्पक्ष ढंग से कराने की मांग की है। समर्थक रात और दिन बारी-बारी से ईवीएम की देखरेख कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Election 2024: चुनाव खत्म होते ही मुंबई रवाना हुए 'राम', पूरे शहर में चर्चा का विषय बने अरुण गोविल