Meerut: एनएच-34 पर फिर हादसा, बाइक सवार पति की मौत, पत्नी गंभीर घायल, तीन दिन पहले भी इसी जगह गई थी जान
मेरठ के सलारपुर में एनएच-34 पर कार की टक्कर से बाइक सवार 46 वर्षीय जितेंद्र की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी मोनी गंभीर घायल हुईं। तीन दिन पहले भी इसी स्थान पर युवक की मौत हुई थी।
विस्तार
मेरठ के एनएच-34 स्थित सलारपुर गांव में मंगलवार सुबह एक और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार दंपति को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में 46 वर्षीय जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी मोनी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए अल्फा हॉस्पिटल रजपुरा में भर्ती कराया। इसी स्थान पर तीन दिन पहले भी एक युवक की सड़क हादसे में मौत हुई थी।
मेरठ जाते समय कार ने बाइक में मारी टक्कर
मवाना क्षेत्र के बिराना गांव निवासी जितेंद्र मंगलवार सुबह अपनी पत्नी मोनी के साथ बाइक से किसी काम से मेरठ जा रहे थे। सलारपुर गांव के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जितेंद्र उछलकर सड़क के बीच लगे क्रैश बैरियर पर जा गिरे।
यह भी पढ़ें:शामली में हत्या: नकाबपोश बदमाशों की गोली से मजदूर की मौत, सद्दाम की हत्या के लिए आए थे हमलावर, दो आरोपी पकड़े
सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर मौत
क्रैश बैरियर पर गिरने से जितेंद्र के सिर में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं सड़क पर गिरने से उनकी पत्नी मोनी के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। वह भी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, सीसीटीवी से कार की तलाश
राहगीरों की सूचना पर गंगानगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल मोनी को अल्फा हॉस्पिटल रजपुरा में भर्ती कराया। जितेंद्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर टक्कर मारने वाली कार का पता लगाने में जुटी है।
तीन दिन पहले भी इसी जगह हुई थी मौत
सलारपुर में इसी स्थान पर तीन दिन पहले भी सड़क हादसे में 35 वर्षीय अमित की मौत हुई थी। गंगानगर के आई-ब्लॉक निवासी अमित एसएफ क्रिकेट बैट फैक्ट्री में काम करते थे। वह सड़क पार कर फैक्ट्री की ओर जा रहे थे, तभी आईआईएमटी एकेडमी की बस की चपेट में आ गए थे। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
एक ही जगह बार-बार हादसों से चिंता
सलारपुर में कुछ ही दिनों के भीतर दो गंभीर सड़क हादसों में दो लोगों की मौत होने से इस स्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ रही है।