खुशी, शेखर, हर्षित ने पाया स्वर्ण पदक
बाबरी। क्षेत्र के गांव बंतीखेड़ा के निकट स्थित संस्कृति इंटरनेशनल स्कूल शामली में यूथ शूटिंग स्पोर्ट्स एकेडमी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय संस्कृति शूटिंग प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
बुधवार को प्रतियोगिता के अंतिम दिन खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। प्रधानाचार्या रचना शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में बागपत की खुशी ने आईएसएसएफ वर्ग में 600 में 579 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। मुजफ्फरनगर के शेखर त्यागी ने एयर राइफल में 400 में से 393 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। शामली के हर्षित मलिक ने अंडर 12 आयु वर्ग में एयर पिस्टल में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। समापन अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर, पूर्व मंत्री योगराज सिंह, सरवेश तोमर, प्रविंदर बालियान, विक्रांत बालियान, सौरभ चौधरी, कुलदीप मलिक, प्रसन्न चौधरी, स्कूल प्रबंधक तन्मय निर्वाल आदि ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी फारूख अली और दिग्विजय मलिक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता का संचालन शूटिंग कोच संदीप मलिक और गौरव मलिक ने किया।