संवाद न्यूज एजेंसी शामली/कैराना/ ऊन। गाजियाबाद में वकीलों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में वकीलों का आक्रोश कम नहीं हो रहा। गुस्साए वकीलों ने शामली, कैराना और ऊन में हड़ताल रखी। शामली में वकीलों ने कलक्ट्रेट में धरना दिया और कलक्ट्रेट के सामने पानीपत-खटीमा हाईवे पर जाम लगा दिया। लाठीचार्ज करने वालों के खिलाफ नारेबाजी की। शामली बार के अध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा, प्रदीप कुमार ने कहा कि गाजियाबाद की घटना निंदनीय है। वकीलों के विरोध प्रदर्शन के बावजूद लाठी चार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। वकीलों ने कलक्ट्रेट के सामने मानव श्रंखला बनाकर एकजुटता का परिचय दिया।
उन्होंने कि जब तक कार्रवाई नहीं होग, वकीलों की कलक्ट्रेट में हड़ताल जारी रहेगी। मौके पर बार अध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा, महासचिव धीरेंद्र सिंह, बिजेंद्र सिंह, प्रदीप कुमार, मनोज देशवाल, राजपाल, चंद्रभान, विवेक कुमार मौजूद रहे।वहीं, वकीलों के हाईवे जाम के कारण कलक्ट्रेट के पास सहारनपुर, पानीपत खटीमा मार्ग पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात पुलिस ने किसी तरह आवागमन सुचारु कराया। वकीलों का कहना है कि जब तक लाठीचार्ज करने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई नहीं होगी आंदोलन जारी रहेगा।