शामली। रिश्ता तय होने के बाद मंगेतर को अनजान युवक द्वारा मोबाइल पर हत्या करने की धमकी दी जा रही है। युवती के परिजनों ने कोतवाली में तहरीर देकर जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई।
शनिवार को शहर कोतवाली में शामली निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसने अपनी पुत्री का रिश्ता करीब चार माह पहले देहरादून निवासी युवक के साथ तय किया है। 29 अप्रैल को शादी होनी है। जब से रिश्ता तय किया है, तब से अनजान युवक फोन पर परेशान कर रहा है। मोबाइल पर मंगेतर को धमकी दी गई कि अगर उसने शामली की युवती से शादी की तो उसकी हत्या कर दी जाएगी। जिससे युवती का परिवार चिंतित है। परिजनों ने कोतवाली प्रभारी सुभाष सिंह राठौर से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। कोतवाली प्रभारी सुभाष सिंह राठौर ने बताया कि यह मामला जानकारी में आया है। जिस नंबर से धमकी दी गई है, सर्विलांस के माध्यम से उसके नाम पते की जानकारी की जा रही है। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।