शामली। स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना की रोकथाम के लिए टीके की दूसरी डोज सोमवार को तीन बूथ पर लगाई जाएगी। इसके अतिरिक्त पहले चरण में जिन स्वास्थ्यकर्मियों को टीके की पहली डोज नहीं लगी, उनका 14 बूथ पर टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी कर ली है।
बीती 16 जनवरी को पहले चरण में 240 स्वास्थ्यकर्मियों को कोविशील्ड का पहला टीका लगाया गया था। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजकुमार सागर ने बताया कि सोमवार को टीकाकरण के लिए जिला अस्पताल, कुड़ाना और कैराना सीएचसी पर एक-एक बूथ बनाया है। जिन पर 227 स्वास्थ्यकर्मियों को टीके की दूसरी डोज लगाने का लक्ष्य रखा है। बाकी 13 स्वास्थ्यकर्मियों को अगले दिवस में टीका लगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिले में 14 बूथ ऐसे बनाए गए हैं, जिन पर उन 1433 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जाएगा जो पहली डोज से वंचित रह गए थे। इसके लिए जिला अस्पताल में दो बूथ, सीएचसी शामली में एक, ऊन सीएचसी में दो, कैराना सीएचसी दो, कांधला सीएचसी में दो, थानाभवन सीएचसी में दो, कुड़ाना में एक, सृष्टि हॉस्पिटल में एक और मां सावित्री हॉस्पिटल में एक बूथ बनाया गया है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण की पूरी तैयारी कर ली गई है। इसके लिए स्वास्थ्यकर्मियों को पोर्टल से मेसेज और फोन से सूचना दी गई है।