UP: यूपी पुलिस के सिपाही का शव मिलने से सनसनी, खेत में पड़ा मिला शव, जल्द खुलेगा पूरा मामला
UP POLICE: यूपी पुलिस के सिपाही का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सिपाही का शव खेत में पड़ा मिला है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
शामली जनपद में बाबरी क्षेत्र के पानीपत-खटीमा मार्ग लालूखेड़ी बॉर्डर के पास चंदपुरा बाग के निकट गन्ने के खेत में यूपी पुलिस के सिपाही का सिर में गोली लगा शव पड़ा मिला। सूचना पर जिले के पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। पुलिस घटना को आत्महत्या मान रही है। फिर भी मामले की जांच में जुटी है।
मंगलवार सुबह करीब नौ बजे बाबरी थाना क्षेत्र पानीपत-खटीमा मार्ग पर चंदपुरा बाग के निकट मुजफ्फरनगर तितावी थाना क्षेत्र के गांव अलीपुरकलां निवासी किसान महेंद्र के खेत में गन्ना बंधाई का कार्य कर रहे मजदूर आतिश पुत्र वीरसेन निवासी अलीपुर थाना तितावी ने एक युवक का गोली लगा शव गन्ने के खेत में पड़ा हुआ देखा। इसकी सूचना आतिश ने डायल 112 को दी। सूचना पर बाबरी पुलिस मौके पर पहुंची व शव के पास रखे बैग में मिले कागजात के आधार पर शव की पहचान कोतवाली शामली में तैनात कांस्टेबल 43 वर्षीय संदीप कुमार पुत्र चंद्रपाल निवासी हरजोली थाना मंगलौर हरिद्वार के रूप में हुई।
वहीं जानकारी मिलते ही शामली कप्तान अभिषेक झा, एएसपी ओपी सिंह, सीओ थानाभवन श्रेष्ठा ठाकुर आदि पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सिपाही के शव के पास एक तमंचा भी पड़ा मिला व पास ही एक स्कूटी खड़ी मिली। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। आतिश ने पुलिस को बताया कि स्कूटी सोमवार सुबह से खेत में खड़ी थी और वह भी खेत में पड़ा था, मैंने सोचा कि वह नशे में है इसलिए मैने ज्यादा ध्यान नहीं दिया।
यह भी पढ़ें: मेरठ में पर्दाफाश: ढाई करोड़ का तेल पकड़ा, 10 लोग हिरासत में, ऐसे चल रहा था बड़ा खेल, देखें तस्वीरें
सिपाही कोतवाली शामली में तैनात था। परिवार सहित मुजफ्फरनगर में रह रहा था। सोमवार को सिपाही सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपने घर से ड्यूटी के लिए निकला था और कोतवाली शामली नहीं पहुंचा उसके बाद परिजनों ने फोन मिलाकर बात करने का प्रयास किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई तो ससुराल लोग लालू खेड़ी स्टैंड के आसपास पूछताछ की। शामली कोतवाली पुलिस को अवगत कराते हुए तलाश जारी रखी। मंगलवार को शव मिलने की सुचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सिपाही के ससुर विजयपाल पुत्र सुखवीर निवासी काजीखेड़ा थाना तितावी मुजफ्फरनगर ने बताया कि सिपाही संदीप की शादी उनकी पुत्री मीरा के साथ 20 वर्ष पूर्व हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। एएसपी ओपी सिंह का कहना है कि अभी तक घटना आत्महत्या की प्रतीत हो रही है। फिर भी पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजन जो तहरीर देंगे, उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी।