Shahjahanpur: महिला ने चाय में नींद की गोलियां पिला ससुरालियों को सुलाया, फिर बचपन के प्यार संग हुई फुर्र
13 नवंबर की रात को परिवार को खाना खिलाने के बाद महिला ने चाय बनाई थी। चाय में नींद की चार गोलियां मिलाकर पति, सास, ससुर को जबरदस्ती पिला दी। उसने खुद चाय नहीं पी थी। रात करीब 12 बजे सभी के सो जाने के बाद वह चारपाई से उठी। परिवार के सदस्यों को हिलाकर देखा और अपने काम को अंजाम दिया।
विस्तार
शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में पति समेत परिवार के अन्य सदस्यों को चाय में नींद की गोलियां देकर जेवर व नकदी लेकर फरार होने वाली विवाहिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ में प्रेमी भी मिला है। महिला का स्कूल के समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पुलिस ने उनके पास से साढ़े चार लाख रुपये के जेवर व 42,450 रुपये की नकदी बरामद की है।
13 नवंबर की रात को परिवार को खाना खिलाने के बाद महिला ने चाय बनाई थी। चाय में नींद की चार गोलियां मिलाकर पति, सास, ससुर को जबरदस्ती पिला दी। उसने खुद चाय नहीं पी थी। रात करीब 12 बजे सभी के सो जाने के बाद वह चारपाई से उठी। परिवार के सदस्यों को हिलाकर देखा। सभी नशे में होने के कारण अचेत हो गए थे। विवाहिता ने सास के गले से धागे की माला में लटकी चाबी को निकाल लिया और बक्से में रखे साढ़े चार लाख रुपये के जेवर व 50 हजार रुपये की नकदी निकाल ली।
महुआ तिराहे पर उसका प्रेमी अहसान उर्फ पंगा निवासी मोहल्ला तकिया मिला और ऑटो में सवार होकर वह शाहजहांपुर आ गई। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। सीओ सदर अमित चौरसिया के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी धीरेंद्र चौहान ने मुखबिर की सूचना पर दिन में साढ़े 11 बजे महिला व उसके प्रेमी अहसान उर्फ पंगा को रोडवेज बस स्टैंड कांट से गिरफ्तार कर लिया।
इंस्टाग्राम से हुई मुलाकात प्यार में बदली, शादी करना चाहते थे दोनों
जलालाबाद निवासी महिला की मुलाकात अहसान से इंस्टाग्राम के जरिये हुई थी। वह इंटरमीडिएट में पढ़ती थी। दो वर्ष पहले मोबाइल पर इंस्टाग्राम चलाती थी। उसी के जरिये मोहल्ला तकिया निवासी अहसान उर्फ पंगा से परिचय हो गया। दोनों फोन पर बातें करने लगे। सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि स्कूल के बहाने जलालाबाद से शाहजहांपुर आने वाले रोड पर उमरिया मंदिर के पास दोनों मिलते थे। दोनों शादी करना चाहते थे। लड़की पक्ष के परिजनों के संज्ञान में मामला आने के बाद उन्होंने लड़के को तलाश कर पांच मई को शादी कर दी। विवाहिता का तीन महीने का बच्चा भी है।
पति ने प्रेमी के बारे में जानकारी होने पर लगाई डांट
शादी होने के बाद भी अहसान उर्फ पंगा का अपनी प्रेमिका के घर के आसपास घूमना शुरू कर दिया। दोनों फोन पर बातचीत करते थे। यह बात महिला के पति व सास को पता चल गई। इस पर दोनों ने उसे खूब डांटा।
माल-जेवर समेटकर भागने का बनाया प्लान, मंगाई नींद की गोलियां
सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि 13 नवंबर को दोनों ने फोन पर बातचीत करने के बाद घर से भागने का प्लान बना लिया। अहसान ने दोपहर में नींद की गोलियां लाकर दी। प्लान के तहत 13 नवंबर को शाम को खाना बनाने के बाद महिला ने जबर्दस्ती चाय बनाई और चार नींद की गोलियां मिल दी। चाय पीने के बाद सभी बेहोश हो गए तो उसने कपड़े के बैग में जेवर व नकदी रखकर घर के बाहर खड़े अहसान को दे दिया। पीछे से घर का दरवाजा बंद कर महुआ तिराहे पर आकर दोनों ऑटो से शाहजहांपुर आ गए।