शाहजहांपुर: बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ा, खन्नौत खतरे के करीब, गलियों में पहुंचा पानी, मकानों में फंसे लोग
शाहजहांपुर में बारिश से खन्नौत और गर्रा नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। रविवार को खन्नौत नदी खतरे के निशान से मात्र 35 सेमी नीचे रह गई। इससे डूब क्षेत्र और कॉलोनियों में बाढ़ का असर दिख रहा है।
विस्तार
शाहजहांपुर में तीन दिन से लगातार हो रही बारिश से खन्नौत नदी का जलस्तर बढ़ गया। रविवार को नदी का जलस्तर खतरे के निशान से मात्र 35 सेमी नीचे रह गया। बाढ़ का असर नदी किनारे डूब क्षेत्र और कॉलोनियों तक पहुंच गया। गर्रा नदी में दियूनी बैराज से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। इससे इस नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है।
जिले में लगातार हो रही बारिश से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। पिछले 40 घंटों में 255 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। शनिवार को दिनभर बारिश हुई। रविवार को भी राहत नहीं मिली। गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 9.5 और न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
सितंबर में सामान्य से तीन गुना से ज्यादा बारिश
गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि सितंबर में सामान्य बारिश 164 मिलीमीटर होती है, जबकि इस महीने अब तक करीब 500 मिलीमीटर बारिश दर्ज हो चुकी है। पिछले 40 घंटे में ही 255 मिलीमीटर बारिश हुई है। बारिश की संभावना अभी बनी हुई है। उन्होंने बताया कि सात सितंबर को भी 12 घंटे में 224 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। संस्थान के पास वर्ष 1986 तक उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार 12 घंटे में इतनी अधिक बारिश पहले दर्ज नहीं हुई थी। वर्ष 2013 की जुलाई में 12 घंटे में 160 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी।