शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के व्यापारियों ने दो हजार से अधिक यूपीआई भुगतान पर मर्चेंट शुल्क लगाए जाने के विरोध में कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान बार कोड के साउंड सिस्टम को हथौड़े से तोड़कर प्रतीकात्मक विरोध जताया गया। व्यापारियों ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रियंका चौधरी काे देते हुए शुल्क को वापस लेने की मांग की।
ज्ञापन देकर बताया कि व्यापारी पहले से ही आरटीजीएस, एटीएम ट्रांजक्शन, जीएसटी आदि पर टैक्स की मार झेल रहे हैं। ऐसे में व्यापारी अतिरिक्त शुल्क देने में असमर्थ हैं। अब व्यापारी दो हजार से ऊपर का भुगतान यूपीआई से लेना बंद कर देंगे।
सराफा व्यापारियों से लेकर छोटे व्यापारियों को यूपीआई पर लगाए गए शुल्क से काफी नुकसान होगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष पंकज वर्मा सराफ, अजय मोहन शुक्ला, अनीश खान, शकील अहमद, जितेंद्र नाथ शुक्ला, ओम बाबू, अनवार खां, ध्रुव सक्सेना, सर्वेश शर्मा, आदि शामिल रहे। संवाद