Shahjahanpur News: 60 लाख रुपये की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, कारोबारी ने सहारनपुर भेजी थी खेप
शाहजहांपुर जिले में एक कारोबारी स्मैक तस्करी करा रहा है। इसका खुलासा तब हुआ, जब पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने कारोबारी का नाम लिया है।
विस्तार
शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले युवक को एसओजी ने थाना पुलिस के साथ मिलकर गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 687 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस का दावा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 60 लाख 70 हजार रुपये होगी। पूछताछ में कटरा के एक कारोबारी का नाम सामने आया है। उसकी पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।
शुक्रवार की रात एसओजी प्रभारी रीतेंद्र प्रताप सिंह और तिलहर इंस्पेक्टर विशाल प्रताप सिंह ने सूचना के बाद लाल पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर दी। रात करीब 11 बजे संदेह के आधार पर युवक को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में 687 ग्राम स्मैक, मोबाइल, आठ सौ रुपये बरामद हुए। एसपी देहात मनोज अवस्थी ने बताया कि पुलिस ने फरमान खान निवासी कादरगंज पढ़ेरा थाना फतेहगंज पूर्वी (बरेली) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि स्मैक का असली कारोबारी रियाज उर्फ बाबू निवासी पढ़ेरा थाना फतेहगंज पूर्वी है। उसने स्मैक की खेप के साथ फरमान को सहारनपुर भेजा था। मोबाइल फोन भी उसी ने उपलब्ध कराया था। तस्करी का उसे कमीशन मिलता है। वह देवबंद और सहारनपुर में सप्लाई करता था।
हाईवे पर कर रहा था बस का इंतजार
एसपी देहात ने बताया कि कटरा में निर्माण सामग्री की दुकान, जैतीपुर में ईंट भट्ठा व दो सौ बीघा जमीन के मालिक रियाज ने स्मैक तस्करी के जरिये रुपयों का चस्का फरमान को लगा दिया था। फरमान स्मैक लेकर शाहजहांपुर जाने के लिए बस में बैठा था। रात में ननिहाल मोहम्मद जई में खाना खाने के बाद रेलवे स्टेशन पर पहुंच गया। वहां नींद आ गई। देर रात में कॉल आने पर जागा। वह सहारनपुर जाने के लिए तिलहर में हाईवे पर बस का इंतजार कर रहा था। तभी उसे पुलिस ने पकड़ लिया।