शाहजहांपुर प्रोफेसर हत्याकांड: चाकू मार फोड़ी आंख, चेहरे-शरीर पर किए वार; बदमाशों ने निर्दयता की हदें की पार
मंगलवार तड़के करीब तीन बजे डकैती के इरादे से बदमाश दीवार फांदकर घर के अंदर प्रवेश कर गए। आहट सुनकर जागे आलोक ने ललकारा तो बदमाशों ने उन पर चाकुओं से हमला कर दिया। निर्दयता दिखाते हुए उनकी आंख चाकू मारकर फोड़ दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के शाहजहांपुर में डकैती के इरादे से असिस्टेंट प्रोफेसर आलोक गुप्ता के मकान में दीवार फांदकर घुसे बदमाशों ने निर्दयता की सारी हदें पार कर दीं। आलोक पर चाकू से वार कर आंख को फोड़ दिया। बचाने आए बच्चों समेत छह लोगों को घायल कर दिया। नौ माह में एक ही अंदाज में दूसरी हत्या की वारदात होने के बाद भड़के व्यापारियों ने जमकर हंगामा किया। आईजी डॉ. राकेश सिंह और एसपी अशोक मीणा का घेराव किया। आरोपी दूसरे समुदाय के होने के चलते पूरे दिन तनाव की स्थिति बनी रही। शाम को शव आने पर हाईवे को जाम कर प्रदर्शन किया गया।
व्यापारी सुधीर गुप्ता की मेन बाजार में तिरपाल व पॉलीथिन की दुकान है। उनका बड़ा बेटा आलोक गुप्ता 2018 से सन इंस्टीट्यूट के कंप्यूटर विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर थे। छोटे बेटे प्रशांत गुप्ता की रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। आलोक, उनकी पत्नी खुशबू गुप्ता उर्फ सोनम और दो बच्चे मकान के अपने हिस्से में लेटे थे। जबकि प्रशांत दूसरे हिस्से में थे।
मंगलवार तड़के करीब तीन बजे डकैती के इरादे से बदमाश दीवार फांदकर घर के अंदर प्रवेश कर गए। आहट सुनकर जागे आलोक ने ललकारा तो बदमाशों ने उन पर चाकुओं से हमला कर दिया। निर्दयता दिखाते हुए उनकी आंख चाकू मारकर फोड़ दी। इसके बाद चेहरे व शरीर पर कई वार किए, जिससे आलोक लहूलुहान होकर गिर पड़े।
शोर शराबा सुनकर बैठक में लेटे पिता सुधीर गुप्ता व भाई प्रशांत भी आ गए। बताते हैं कि प्रशांत ने एक बदमाश के सिर पर पटली उठाकर मार दी। इससे वह चोटिल हो गया। इसके बाद बदमाशों ने प्रशांत, उसकी पत्नी रुचि, सुधीर गुप्ता व दो बच्चों को चाकू मारकर घायल कर दिया। शोर-शराबा सुनकर मोहल्ले के राकेश उर्फ शब्बू जाग गए। सुधीर गुप्ता के दरवाजे पर पहुंचकर उनके शोर मचाने पर लोग इकट्ठा हो गए।
इस बीच दीवार फांदकर भाग रहे एक बदमाश को लोगों ने पकड़ लिया। उसकी पहचान मोहल्ला सराय निवासी रिक्शा चालक शाहबाज के रूप में हुई। कुछ देर में पुलिस भी मौके पर आ गई और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पर भर्ती कराया। जहां से उन्हें बरेली रेफर किया।
पॉलीथिन लेकर आता-जाता था शाहबाज, उसने बताया साथी का नाम
सुधीर गुप्ता की तिरपाल की दुकान पर ई-रिक्शा चालक शाहबाज का आना-जाना था। वह तिरपाल व पॉलीथिन की खेप लेकर जाता था। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने कायस्थान मोहल्ला निवासी पेशे से नाई शाहरोज का नाम भी बताया। पुलिस ने उसे भी दबोच लिया। शहरोज का सैलून सपा नेता सरताज खां के मकान के बिल्कुल सामने है।