Shahjahanpur News: सीएचसी के वरिष्ठ चिकित्सक की संदिग्ध हालात में मौत, सरकारी आवास में मिला शव
शाहजहांपुर में कांट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजीव मेहरोत्रा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह रविवार सुबह अपने सरकारी आवास में मृत पाए गए। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। डॉ. मेहरोत्रा लगभग 65 वर्ष के थे और अकेले रहते थे।
विस्तार
शाहजहांपुर के कांट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजीव मेहरोत्रा रविवार सुबह अपने सरकारी आवास में मृत पाए गए। वह अपने बिस्तर के पास पेट के बल गिरे पड़े थे। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
डॉ. राजीव मेहरोत्रा मूलरूप से सीतापुर के विजयलक्ष्मी नगर के निवासी थे। उनकी उम्र लगभग 65 वर्ष थी। 25 वर्ष पहले पत्नी से तलाक हो गया था। मेहरोत्रा एमबीबीएस चिकित्सक थे और सेवानिवृत्ति के बाद भी स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं दे रहे थे। वह कांट सीएचसी में बने सरकारी आवास में अकेले रहते थे। बताया जाता है कि वह प्रतिदिन सुबह करीब चार बजे उठ जाते थे।
सुपरवाइजर ने पुलिस को दी थी सूचना
रविवार सुबह लगभग सात बजे जब सीएचसी स्टाफ उनके आवास पर पहुंचा तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। कई बार आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद सुपरवाइजर नीलाक्ष पाठक ने पुलिस को सूचना दी।
फोरेंसिक टीम ने की जांच
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष और स्टाफ की मौजूदगी में आवास का दरवाजा खुलवाया। अंदर डॉक्टर मृत अवस्था में मिले। फोरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की।
कर्मचारियों में शोक का माहौल
डॉक्टर के सामने रहने वालीं स्टाफ नर्स अंजली मिश्रा ने बताया कि वह सुबह खुद नाश्ता बनाते थे। उन्होंने शनिवार शाम छह बजे बिजली के बारे में पूछा था। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में शोक का माहौल है। सीओ शुभम वर्मा ने बताया कि मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
