रामलीला मैदान पर शनिवार को मंत्रोच्चारण के बीच परंपरागत रूप से ध्वजा लगाकर भूमि व गणेश पूजन हुआ। इसी के साथ रामलीला का शुभारंभ हो गया। हवन पूजन का कार्य पंडित अखिलेश दीक्षित ने संपन्न कराया। इस मौके पर कमेटी के पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। परशुराम मंदिर के महंत सत्यदेव पांडेय बैंडबाजे के साथ ध्वज लेकर रामलीला मैदान पहुंचे, जहां हवन पूजन के बाद ध्वज स्थापित कर दिया गया। पंद्रह दिवसीय रामलीला मेले के इस आयोजन के तहत 18 सितंबर को भगवान शिव की बारात निकलेगी। इसके बाद देर रात मेला ग्राउंड पर शिव पार्वती का विवाह संपन्न होगा। इस साल मेले में रासलीला समेत विभिन्न तरह के आयोजन होंगे, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेले में ध्वजारोहण के दौरान कमेटी के कमल सक्सेना, गोपाल मोहन द्विवेदी, गांधी मिश्रा, ओमप्रकाश दीक्षित, दिलीप अग्निहोत्री, पुष्कर गुप्ता, प्रदीप मिश्रा, रामू अग्निहोत्री, राजीव द्विवेदी, राजवीर गुर्जर समेत कई लोग मौजूद रहे।