फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Shahjahanpur News ›   ram janmbhoomi pujan happiness

राम मंदिर की आधारशिला पर चहुंओर उत्साह और उमंग

Thu, 06 Aug 2020 02:18 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Thu, 06 Aug 2020 02:18 AM IST
विज्ञापन
ram janmbhoomi pujan happiness
शाहजहांपुर। अयोध्या में दशकों से प्रतीक्षित श्रीराम मंदिर निर्माण का संकल्प पूरा होने और मंदिर निर्माण का भूमि पूजन कार्यक्रम होने की खुशी जिले में हर तरफ दिखाई दी। एक ओर जहां मंदिरों और बाजार को केसरिया और लाल झंडियों से सजाया गया, वहीं चौक में केसरिया द्वार लगाए गए। मंदिरों में सुबह से ही सुंदर कांड, हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ होते रहे। जगह जगह श्रीराम नाम के संकीर्तन की गूंज भी सुनाई पड़ती रही। मुख्य मंदिरों के अलावा गली-मोहल्लों के मंदिर भी झंडियों से सजाए गए। कई स्थानों पर पटाखे और आतिशबाजी कर खुशियां मनाई गईं। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और भाजपा कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटकर सभी को बधाई दी। दोपहर को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन का समय शुरू होते ही मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना शुरू हो गई। बाद में जय श्रीराम के जयघोष के साथ आरती हुई। श्रद्धालुओं ने शंख, घंटे बजाकर खुशियां मनाईं। वहीं, रात को मंदिरों और घरों में लोगों ने दीपक जलाकर खुशी का इजहार किया। महिलाओं ने भी इस खुशी में खूब शंख-घंटे बजाकर आनंद लिया। उधर, रात में लोगों ने घरों में दीपक जलाकर खुशियां मनाईं।
विज्ञापन

बिजली के झालरों से जगमगाया विश्वनाथ मंदिर
टाउनहाल मार्ग स्थित बाबा विश्वनाथ मंदिर में पुजारी उमेश उपाध्याय और मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष राज कुमार खंडेलवाल के नेतृत्व में दिन में सुंदरकांड का सामूहिक पाठ किया गया। बाद में अयोध्या में भूमि पूजन के मुहूर्त के समय विशेष पूजा-अर्चना कर आरती की गई। मंदिर को बिजली के झालरों से सजाया गया है। वहीं, शाम को मंदिर परिसर में दीपक जलाकर देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की गई। भक्तों ने जय श्रीराम का उद्घोष के साथ शंख और घंटे बजाकर खुशियां मनाईं।
विज्ञापन

झंडियों से सजाया बनखंडीनाथ मंदिर
बाबा बनखंडीनाथ मंदिर को श्रीराम लिखी और राम के चित्र छपी झंडियों से सजाया गया। यहां साउंड सिस्टम पर भजन-कीर्तन की धुन बजी तो चारों ओर माहौल भक्तिमय हो गया। मंदिर पुजारी ने दोपहर को विशेष पूजन और आरती की। भक्तों ने जयकारे, शंख-घंटे बजाकर एक-दूसरे को बधाई दी।
विज्ञापन
विज्ञापन

हनुमतधाम पर डीएम-एसपी ने की पूजा
बिसरात घाट स्थित हनुमतधाम की छटा ही निराली थी, मंदिर को बिजली के झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। दोपहर को मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, मंदिर पुजारी सुदीप मिश्रा, धीरू खन्ना आदि भक्तों ने दोपहर को पूजा-अर्चना और आरती की। इसी बीच शहर का भ्रमण करने पहुंचे डीएम इंद्र विक्रम सिंह और एसपी एस. आनंद ने भी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मंदिर के वातावरण में ढोल नगाड़ों की गूंज रही।
सराफा व्यवसाइयों ने बांटी मिठाई
सदर बाजार सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद सराफ, महामंत्री रामपाल वर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने व्यवसाइयों को रामनामी पटका ओढ़ाकर सम्मानित किया और मिठाई बांटकर खुशियां मनाईं। इस अवसर पर राजेंद्र प्रसाद, प्रेम कृष्ण मेहरोत्रा, अनिल वर्मा, तिलकराज भोला, दिनेश वर्मा, रामजी खन्ना, श्याम कृष्ण गुप्ता, रोहित गुप्ता आदि ने बाजार में लड्डू बांटे और सभी को मंदिर भूमि पूजन की बधाई दी।
केसरिया और लाल रंग की झंडियों से सजाया बाजार
शहर के चौक क्षेत्र में दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों पर केसरिया और रामनाम के झंडे लगाकर खुशियां मनाईं। वहीं, छोटा चौक में कंटेन्मेंट जोन होने के बावजूद लोगों ने बैरिकेडिंग के समीप ही केसरिया द्वार बनाकर लोगों का स्वागत किया। संगत कूंचालाला गली में सांपों वाले मंदिर को केसरिया झंडों से सजाया गया। लोगों ने घरों और दुकानों की छतों पर भी लाल रंग के श्रीराम के चित्र वाले झंडे लगाकर खुशियां मनाईं। इसके अलावा चौक क्षेत्र के मंदिरों में भी सुबह से सुंदर कांड के पाठ और हनुमान चालीसा के पाठ होते रहे। श्रद्धालुओं ने श्रीराम नाम संकीर्तन कर श्रीराम मंदिर निर्माण के अवसर पर खुशी मनाई।
टीवी पर भूमि पूजन कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा
अयोध्या में श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के शुभारंभ और भूमि पूजन का लाइव प्रसारण लोगों ने टीवी पर देखा। तमाम लोग सुबह से टीवी पर समाचार चैनलों के माध्यम से अयोध्या का नजारा देखने में मशगूल हो गए थे, लेकिन जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या पहुंचे, वैसे ही लोगों ने कामकाज छोड़कर टीवी के सामने डेरा जमा। खासतौर पर लोगों ने मोदी के भाषण को गौर से सुना।

व्हाट्सएप पर बधाई संदेश देते रहे
श्रीराम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन से उत्साहित लोगों ने एक-दूसरे को मोबाइल के माध्यम से भी खूब बधाइयां दीं। एक दिन पहले से शुरू हुआ सिलसिला रात भर और बुधवार को पूरे दिन चलता रहा। व्हाट्सएप पर प्रस्तावित मंदिर का नक्शा, श्रीराम के तरह-तरह के चित्रों के साथ लोग एक-दूसरे को बधाई देतेे रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed