Shahjahanpur News: हनुमत धाम पर लोगों ने किए योगासन, स्वस्थ रहने का दिया संदेश
जिला गंगा समिति एवं मेरा युवा भारत शाहजहांपुर की ओर से बुधवार को हनुमत धाम पर योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों को योगासन कराए गए। योग से होने वाले लाभों को बताया गया।
विस्तार
शाहजहांपुर के हनुमत धाम पर बुधवार को वृहद योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन जिला गंगा समिति एवं मेरा युवा भारत शाहजहांपुर की ओर से किया गया। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। योग के जरिये लोगों को स्वस्थ रहने का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि मुमुक्षु शिक्षा संकुल के सचिव डॉ. एके मिश्रा ने ओम् के उच्चारण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। योग प्रशिक्षक मृदुल गुप्ता ने योग के विभिन्न आसनों जैसे ध्यान विधि, वृक्षासन, ताड़ासन, वज्रासन, उत्तानमंडूकासन, उष्ट्रासन, भ्रामरी प्राणायाम आदि कराया। इससे होने वाले शारीरिक लाभ पर भी प्रकाश डाला।
योग प्रशिक्षक पुष्पक श्रीवास्तव ने योगाभ्यास कराते हुए कहा कि योग एक ऐसी साधना है जो मन-मस्तिष्क को संतुलित रखती है। जिला युवा अधिकारी मयंक भदौरिया व सदस्य बाल कल्याण समिति अरवेंद्र मिश्रा ने कहा कि तनावमुक्त रहने के लिए योग आसनों का निरंतर अभ्यास करना लाभकारी रहता है।
सूर्य नमस्कार मन को एकाग्र करने का माध्यम
डीपीओ जिला गंगा समिति डॉ. विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि आज जब आधुनिक जीवनशैली ने अनेक रोगों को जन्म दिया है, तब योग एक वरदान बनकर उभरा है। युवा सर्व कल्याण समिति के सदस्य हन्नान ने योग करते हुए कहा कि सूर्य नमस्कार और नमाज दोनों मन को एकाग्र करने का माध्यम हैं। गंगा समग्र के महानगर संयोजक सचिन पाठक ने योगाभ्यास करवाते हुए कहा कि योग के लिए सांसों पर नियंत्रण आवश्यक है जोकि दैनिक अभ्यास से आता है।
यह भी पढ़ें- बुलंदशहर हादसा: मासूम समेत पांच जिंदा जले...खाक हुईं खुशियां, सात माह पहले हुई थी तंजील-निदा की शादी
युवा सर्व कल्याण समिति उत्तर प्रदेश, मानवता वेलफेयर सोसाइटी, गंगा समग्र शाहजीपुर, नेहरू युवा मंडल माहमदपुर आजमाबाद, गायत्री शक्तिपीठ के सदस्य व स्थानीय लोग उपस्थित रहे। युवा सर्व कल्याण समिति के अध्यक्ष व असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रूपक श्रीवास्तव, हिमांशु सक्सेना, अमित श्रीवास्तव, नीरा श्रीवास्तव, भावना वर्मा, अनुराधा पांडेय, निर्मल उपाचा आदि लोगों का सहयोग रहा।