तिलहर। पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं ने शनिवार को बिलहरा गांव में एक दिवसीय विशेष शिविर लगाया। नशामुक्त भारत की थीम पर आधारित शिविर में शामिल लगभग 100 स्वयंसेवकों ने नशा उन्मूलन को लेकर जागरूकता रैली निकाली।
इससे पहले, कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. सरनपाल सिंह ने किया। इस मौके पर कार्यक्रम अधिकारी नरेश पाल ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज की उन्नति में सबसे बड़ी बाधा है। स्वयंसेवकों ने गांव के कई मार्गों पर जागरूकता रैली निकालकर नशा विरोधी नारे लगाए और ग्रामीणों को इसके दुष्परिणामों से अवगत कराया।
बौद्धिक सत्र में मुख्य वक्ता नशा मुक्ति प्रशिक्षक राहुल देव सागर ने नशे के सामाजिक, आर्थिक और मानसिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। शिविर का संचालन कार्यक्रम अधिकारी शशिभूषण के निर्देशन में हुआ। अंत में लक्ष्य गीत और संकल्प गीत के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। संवाद