Shahjahanpur: पूर्व पति के घर में घुसकर बेटी को कार से ले गई मां, जमकर हुआ हंगामा; वीडियो वायरल
शाहजहांपुर में बीकॉम की छात्रा को उसकी मां कार से अपने साथ ले गई। महिला का पति से तलाक हो चुका है। उसकी बेटी पूर्व पति के पास रहती थी। छात्रा के दादा ने पुत्रवधू पर मारपीट करने और धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विस्तार
शाहजहांपुर के चौक कोतवाली के मोहल्ला रोशनगंज में बीकॉम की छात्रा को उसकी मां कार में डालकर लेकर चली गई। महिला का पति से तलाक हो चुका है। पूर्व पति के पास ही बेटी रहती थी। छात्रा के दादा ने आरोप लगाया कि छात्रा को जबरन ले जाया गया। उसकी बुआ ने रोकने का प्रयास किया तो उसे धक्का देकर गिरा दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। मामले में पुलिस ने मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, महिला ने पूर्व पति पर आरोप लगाते हुए शिकायत की है।
घटना शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है। एक डिग्री कॉलेज में शिक्षक डॉ पुनीत मनीषी का अपनी पत्नी वर्षा से कुछ समय पहले तलाक हो चुका है। वर्षा जब पति से अलग हुई, तब वह अपनी बेटी को लेकर नहीं गई थी। शनिवार को वर्षा अपने भाइयों के साथ आयी और अपनी बेटी को जबरन लेकर चली गई। रोकने का प्रयास करने पर बुआ को धक्का देकर गिरा दिया। इस मामले में पुनीत के पिता ओंकार मनीषी ने वर्षा और उनके भाईयो के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने वर्षा से भी संपर्क साधा है।
ये भी पढ़ें- बरेली में जिंदा जला पूरा परिवार: मृतकों में दंपती और तीन बच्चे, कमरे में बाहर से लगा था ताला, हत्या की आशंका
दूसरी तरफ वर्षा ने अपनी बेटी के साथ तस्वीर को सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमे दोनों काफी खुश नजर आ रही हैं। उन्होंने एसपी को पत्र भेजकर अपने पूर्व पति पर बेटी का मानसिक शोषण करने का आरोप लगाया। उसने यह भी कहा कि पूर्व पति ने दूसरी शादी कर ली है। इसके बाद उसकी बेटी का उत्पीड़न और बढ़ गया। इसलिए वह बेटी को लेकर गई है। कोतवाली थाना प्रभारी राजीव तोमर ने बताया कि वर्षा और उनके भाइयों के विरुद्ध मारपीट का केस दर्ज किया गया है। जांच कराई जा रही है।