बरेली में जिंदा जला पूरा परिवार: मृतकों में दंपती और तीन बच्चे, कमरे में बाहर से लगा था ताला, हत्या की आशंका
Bareilly News: बरेली के फरीदपुर में दंपती और उनके तीन बच्चों की जिंदा जलकर मौत हो गई। पूरा परिवार कमरे में सो रहा था। कमरे में बाहर से ताला लगा हुआ था, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। हैरत की बात यह है कि पड़ोसियों ने चीखें भी नहीं सुनी। सुबह धुआं निकलता देख घटना की जानकारी हुई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बरेली में दिल दहलाने देने वाली घटना हुई है। फरीदपुर कस्बा में एक ही परिवार के पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मरने वालों में दंपती और उनके तीन मासूम बच्चे हैं। पांच लोग एक कमरे में सो रहे थे। रविवार तड़के घटना की जानकारी होने पर फोर्स के साथ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बताया गया कि कमरे में बाहर से ताला लगा हुआ था। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने जांच कर रही है।
मृतकों के नाम
1. अजय गुप्ता उर्फ टिंकल (36)
2- अजय की पत्नी अनीता गुप्ता (34)
3- बेटा दिव्यांश (9)
4- दिव्यंका (6)
5- दक्ष (3)
जानकारी के मुताबिक अजय गुप्ता उर्फ टिंकल हलवाई थे। वह अपने परिवार के साथ तीन वर्ष से फरीदपुर के मोहल्ला फर्रकपुर में रिश्तेदार के मकान में किराये पर रहते थे। शनिवार रात सभी एक ही कमरे में सोए थे। तड़के पड़ोसियों ने घर से धुआं निकलता देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। बताया गया कि कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था, उसमें ताला लगा हुआ था। अंदर दरवाजा बंद करने के लिए कोई सिटकनी भी नहीं थी।
कमरे में बाहर से लगा था ताला
कमरे के अंदर पांचों शव जली अवस्था में पड़े थे। कमरे में रखा सारा सामान जल गया था। मंजर इतना भयावह था कि लोगों की रूह कांप गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन व रिश्तेदार पहुंच गए। हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए। आसपास के लोगों से जानकारी की। एसडीएम, तहसीलदार के साथ नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ नितिन कुमार गंगवार भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस घटना की जांच कर रही है। कमरे में गैस सिलिंडर रखा मिला है। घटना के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि बहुत की दुखद घटना हुई है। दंपती और उनके बच्चों की जलकर मौत हुई है। मृतकों के परिजनों ने बताया कि जब वे लोग पहुंचे तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। उसमें ताला लगा हुआ था। आग कैसे लगी है, इसकी पूरी जांच कराई जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.