रॉन्ग नंबर पर हुआ प्यार: नाबालिग लड़की ने कर दीं हदें पार, 550 किमी दूर से आई प्रेमी के घर
रॉन्ग नंबर से शुरू हुआ बातों का सिलसिला प्यार में बदल गया। प्रेमी और प्रेमिका ने साथ जीने मरने की कसमें खा लीं। इसके बाद नाबालिग प्रेमिका मध्य प्रदेश के दमोह से प्रेमी के घर आ पहुंची।
विस्तार
शाहजहांपुर में प्रेम प्रसंग का अजब मामला सामने आया है। रॉन्ग नंबर से शुरू हुआ बातों का सिलसिला प्यार में बदल गया। इसके बाद मध्य प्रदेश (एमपी) के दमोह की रहने वाली 16 साल की लड़की अपने प्रेमी से मिलने खुटार आ पहुंची। प्रेमी के परिजन की सूचना पर मध्य प्रदेश पुलिस शुक्रवार को खुटार पहुंची और किशोरी को वापस ले गई।
खुटार के गांव रसवां कलां के युवक ने कुछ दिन पूर्व किसी को मोबाइल पर कॉल की थी। नंबर गलत होने के कारण कॉल दमोह के थाना पथरिया क्षेत्र में रहने वाली किशोरी के पास पहुंची। रॉन्ग नंबर से शुरू हुई बातचीत बहुत आगे बढ़ गई। दोनों अक्सर फोन पर बातें करने लगे।
ये भी पढ़ें- 'टास्क पूरा न किया तो गुंडे मार देंगे': PUBG में फंसे दो बच्चे घर से भागे, कॉपी में लिखा- आई लव यू मॉम
बातचीत के दौरान दोनों ने एक-दूसरे से प्यार का इजहार किया और साथ जीने मरने की कसमें खा लीं। एक सप्ताह पूर्व किशोरी अकेली ही अपने घर से खुटार क्षेत्र के गांव रसवां कलां में प्रेमी के घर आ पहुंची। प्रेमिका को देख प्रेमी के घरवाले हैरान रह गए। उधर, किशोरी के गायब होने पर उसके परिजनों ने थाना पथरिया में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
प्रेमी के घरवालों ने दी पुलिस को सूचना
नाबालिग लड़की के घर पहुंचने पर युवक के परिजन परेशान हो गए। कार्रवाई के डर से उन्होंने खुटार पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने किशोरी से जानकारी करने के बाद पथरिया थाने को सूचना दी। वहां की पुलिस ने उसके परिजनों को सूचित किया।
ये भी पढ़ें- मां तुझे प्रणाम: बरेली में तिरंगा लेकर चले पांच हजार स्कूली बच्चे, वॉक फॉर यूनिटी से दिया देशप्रेम का संदेश
मध्य प्रदेश पुलिस की एक टीम किशोरी के परिजन को साथ लेकर शुक्रवार को खुटार थाने पहुंची। यहां किशोरी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस और परिजन किशोरी को लेकर चले गए। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि किशोरी के परिजन पुलिस लेकर आए थे और उसे ले गए हैं।