{"_id":"697eff06498e0b550a00774d","slug":"man-died-after-being-attacked-by-a-bull-in-shahjahanpur-2026-02-01","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Shahjahanpur News: सांड़ के हमले से युवक की मौत, खेत में सींगों से उठाकर कई बार पटका","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Shahjahanpur News: सांड़ के हमले से युवक की मौत, खेत में सींगों से उठाकर कई बार पटका
Sun, 01 Feb 2026 12:51 PM IST
मुकेश कुमार
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर
Published by: मुकेश कुमार
Updated Sun, 01 Feb 2026 12:51 PM IST
सार
शाहजहांपुर जिले में छुट्टा सांड़ों का आतंक थम नहीं रहा है। जलालाबाद क्षेत्र में सांड़ ने हमला कर एक युवक को मार डाला। सांड़ खेत में वरसीम खा रहा था। युवक उसे भगाने गया था, तभी सांड़ ने उस पर हमला कर दिया।
विज्ञापन
करन का फाइल फोटो
- फोटो : संवाद
विस्तार
शाहजहांपुर के जलालाबाद क्षेत्र की ग्राम पंचायत खजुआहार टापर के मंझरा हथिनापुर में रविवार सुबह सांड़ के हमले में युवक करन सिंह (26) की मौत हो गई। घटना से उनके परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, इस घटना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों ने छुट्टा सांड़ों को पकड़वाने की मांग की है।
विज्ञापन
मृतक के पिता राजेश सिंह ने बताया कि उन्होंने घर के सामने खेत पर जानवरों को खिलाने के लिए बरसीम बोई हुई है। रविवार की सुबह करीब छह बजे उनका बड़ा बेटा करन घर से बाहर निकला। उसने देखा कि खेत में घुसा सांड़ बरसीम खा रहा है। इसके बाद बेटा घर से डंडा लेकर सांड़ को भगाने के लिए खेत पर गया। इस बीच सांड़ ने बेटे पर हमला कर दिया।
विज्ञापन
सांड़ ने कई बार पटका
सांड़ ने करन को सींग में फंसाया और उसे उठाकर पटक दिया। इसके बाद भी सांड़ हमला करता रहा। इससे बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर-शराबा सुनकर परिजन दौड़कर खेत पर गए। सांड़ को किसी तरह खेत से भगाया। करन को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
विज्ञापन
करन की पत्नी विभा रोते-रोते बेहाल हो गई। परिजनों ने बताया कि उसकी दो बेटियां अदिति व आयुषी हैं। उनकी जिम्मेदारी विभा के कंधों पर आ गई है। प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर ने बताया मृतक के पिता की सूचना पर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है।
Trending Videos
सांड़ के हमलों से हुईं मौतें
- 16 जनवरी 2020 : सांड़ के हमले से खेत की रखवाली कर रहे गांव फरीदापुर निवासी 52 वर्षीय चंद्रपाल की मौत हो गई थी।
- 16 जून 2022 : बरेली हाईवे पर स्थित गांव खाई खेड़ा चौराहे के पास बुजुर्ग को सांड़ ने हमलाकर मार डाला था।
- 23 जनवरी 2023 : गांव कुंडरा में शिवलाल की पत्नी रीना देवी को सांड़ ने पटककर मार डाला था।
- 12 फरवरी 2023 : गांव हथिनापुर में कांट के कुर्रियाकलां निवासी बाइक सवार योगेश की सांड़ से टकराकर मौत हो गई थी।
- 24 दिसंबर 2023 : ग्राम पंचायत कोला के मंझरा रैपुरा निवासी साधुराम की पशुओं के हमले से भागने के दौरान तालाब में गिरने से मौत हो गई थी।
- 6 मार्च 2024 : खाई खेड़ा चौराहे के पास बाइक से जा रहे गांव चंदौरा बहादुरपुर निवासी सुमोध की सांड़ से टकराकर मौत हो गई थी।
- 6 सितंबर 2024 : गांव खंडहर निवासी सुमित को सांड़ से हमला कर मार डाला था।
