शाहजहांपुर। रोजा रेलवे स्टेशन पर ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के 48 घंटे के सामूहिक उपवास का समापन हो गया। मुख्य लोको प्रभारी आरके वर्मा ने जूस पिलाकर उपवास समाप्त कराया।
इस मौके पर शाखा सचिव राघवेंद्र वर्मा व कोषाध्यक्ष अनिल वर्मा ने बताया कि लोको पायलट को मिलने वाले किलोमीटर भत्ते में 25 प्रतिशत बढ़ोतरी नहीं की गई। इसे लेकर लोको पायलटों में आक्रोश है। संगठन पिछले दो वर्ष से कई बार लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर चुका है। इस बीच किलोमीटर भत्ते में बढ़ोतरी, माइलेज में 70 प्रतिशत इनकम टैक्स छूट समेत कई मांगों को लेकर पूरे देश के लोको पायलट उपवास रख रहे थे। धरना देने वालों में सहायक शाखा सचिव हरिओम, विनीत रस्तोगी, हेमंत कुमार, आशीष वर्मा आदि शामिल रहे। संवाद