Shahjahanpur News: सरकारी आवास में बेड पर मिला लेखपाल का शव, पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं
शाहजहांपुर के कलान में लेखपाल पीयूष कुमार की मौत हो गई। उसका शव शनिवार रात आवास में बेड पर मिला। पोस्टमार्टम में उनकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
विस्तार
शाहजहांपुर में संदिग्ध हालात में लेखपाल का शव कलान तहसील परिसर में बने सरकारी आवास में कमरे के अंदर बेड पर मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित किया गया है।
जनपद हरदोई के थाना बिलग्राम क्षेत्र के गांव पचनेरा निवासी पीयूष कुमार (33 वर्ष) यहां तहसील कलान में तैनात थे। पिछले साल दीपावली के आसपास उनका तबादला तिलहर से कलान हुआ था। वह तहसील परिसर में ही बने आवास में रहते थे।
शाम को भाई से हुई थी बात
शुक्रवार शाम आठ बजे मोबाइल फोन पर उनकी भाई दुष्यंत से बात हुई थी। इसके बाद से उनकी कॉल नहीं उठी। वह शनिवार को थाना दिवस पर भी नहीं पहुंचे थे। शनिवार रात करीब नौ बजे उनके भाई दुष्यंत, आशीष व पिता शिव सिंह कलान तहसील परिसर स्थित आवास में पहुंचे। आवास का दरवाजा अंदर से बंद था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से आवास का दरवाजा तोड़ा तो पीयूष बेसुध बिस्तर पर लेटे मिले। मौके पर पहुंचे सरकारी चिकित्सक ने जांच करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पीयूष के भाई दुष्यंत की तहरीर पर मौत का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम कराया। मिर्जापुर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। इस पर विसरा जांच के लिए भेजा जाएगा।
पत्नी उन्नाव में हैं शिक्षिका
पीयूष की शादी 2018 में सीमा देवी से हुई थी। सीमा वर्तमान में उन्नाव जिले के बांगरमऊ स्थित प्राथमिक स्कूल में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। पीयूष के तीन वर्षीय बेटी प्रिंसा है।