Shahjahanpur News: पुवायां में जर्जर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर पानी से लबालब खेत में गिरा...श्रमिक की मौत
अठकोना के दुर्गेश शर्मा ने गांव के ही दयाराम वर्मा का तीन बीघा खेत ठेके पर लिया है। खेत के ऊपर से बिजली की हाईटेंशन लाइन गांव के ही खूबलाल के निजी नलकूप तक गई है। दुर्गेश अपने पुत्र विवेक, भतीजी प्रांशी, श्रमिक रामपाल आदि के साथ सोमवार को धान की रोपाई करा रहे थे।
सुबह लगभग साढ़े आठ बजे हाईटेंशन लाइन का तार टूट जाने पर उसे निजी कर्मचारी ने ठीक कर दिया। इस बीच दुर्गेश, प्रांशी पानी पीने के लिए खेत में आगे निकल गए। निजी कर्मचारी की सूचना पर बिजली आपूर्ति शुरू होते ही जर्जर हो चुका तार दोबारा टूटकर खेत में गिर गया। रोपाई कर रहे रामपाल और विवेक करंट लगने से झुलस गए।
हादसा होने के बाद निजी कर्मचारी ने सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई और मौके से खिसक गया। मेडिकल कॉलेज लाए जाने पर रामपाल ने दम तोड़ दिया। दुर्गेश और प्रांशी का गांव में ही इलाज कराया गया। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि इस संबंध में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
तार के टूटने से हादसे की जानकारी मिली थी। मामले की जांच कराई जाएगी और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की कार्रवाई करते हुए हरसंभव मदद दी जाएगी।
-पुनीत निगम, एक्सईएन, विद्युत निगम, पुवायां
ग्रामीणों का आरोप- लाइनमैन के स्थान पर निजी कर्मचारी सही कर रहा था फाॅल्ट
खुटार (शाहजहांपुर)। करंट लगने से श्रमिक की मौत के मामले में अठकोना गांव के लोगों का आरोप है कि निजी नलकूप की हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट होने की सूचना पर लाइनमैन अवधेश मिश्रा ने खुद मौके पर जाने के बजाय एक निजी कर्मचारी को भेज दिया था। तार टूटने के बाद हादसा होने पर वह मौके से खिसक गया।
मौके पर मौजूद किसानों ने बताया कि सोमवार को लाइन फाॅल्ट के कारण नलकूप बंद हो गया था। शिकायत पर पड़ोस के गांव महेशापुर का ललित कुमार मौके पर पहुंचा। उसने फाॅल्ट सही कर जैसे ही बिजली आपूर्ति शुरू कराई, तार टूटकर खेत में जा गिरा। लोगों का आरोप है कि लाइनमैनों ने अपने साथ निजी कर्मचारी लगा रखे हैं। फाॅल्ट होने पर उन्हें ही भेज दिया जाता है। इससे हादसा होने की आशंका रहती है। जेई आर्यन पांडे ने कहा कि लाइनमैन अवधेश मिश्रा के स्थान पर ललित के मौके पर जाने की जानकारी हुई है। ललित नाम का कर्मचारी उन्होंने नहीं लगाया है और उनके संज्ञान में भी नहीं है।
उधर ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों की लापरवाही से हादसा हुआ है। निजी नलकूप का कनेक्शन पांच वर्ष पहले हुआ था। लाइन के तार जर्जर और ढीले हो गए थे। तारों की समय से मरम्मत की गई होती तो हादसा नहीं होता। सोमवार सुबह भी जर्जर तार टूट गया था, लेकिन इसके बाद भी सतही मरम्मत कर बिजली आपूर्ति शुरू करा दी गई, इस कारण रामपाल की जान चली गई।
रामपाल की मौत से पिता रामस्वरूप, पत्नी रीता देवी, मां मैना देवी, पुत्र पारस (2) पुत्री मधु (5) का रो-रोकर बुरा हाल है। रामपाल छह भाइयों में चौथे नंबर के थे। पिता ने बताया कि रामपाल मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
विवेक और रामपाल को आधे घंटे तक रेत में दबाए रहे परिजन
करंट लगने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनाें ने अंधविश्वास के चलते रामपाल और विवेक को लगभग आधे घंटे तक रेत में दबाए रखा। बाद में लोगों ने दोनों को अस्पताल ले जाकर इलाज कराने की सलाह दी। उधर एंबुलेंस भी मौके पर नहीं पहुंची, तो परिजन दोनों को निजी वाहन से सीएचसी लाए। इलाज के बाद देर शाम विवेक को छुट्टी दे दी गई।
विधायक पहुंचे रामपाल और दुर्गेश के घर
करंट लगने से रामपाल की मौत और विवेक के झुलसने की जानकारी पाकर विधायक चेतराम गांव अठकोना पहुंचे और प्रांशी, दुर्गेश आदि का हाल जाना। विधायक ने एक्सईएन को कॉल कर परिजनों को हरसंभव मदद देने, इलाज ठीक से कराने, जर्जर तार बदलने के लिए कहा है। विधायक ने कहा कि इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
करंट लगने से मौत की प्रमुख घटनाएं
- 22 मार्च 2025 को बंडा के गांव रामदेवरी निवासी बृजेश को खेत में सिंचाई करते समय पशुओं से फसल बचाने की कोशिश में बिजली के तार की चपेट में आकर करंट लग गया था। इससे उनकी मौत हो गई थी।
- 28 मई 2025 को घर के पास लगे हैंडपंप के मोटर में करंट आने से बंडा के गांव मूड़ा बैवहा सात वर्षीय पायल की मौत हो गई थी।
- 30 सितंबर 2025 को पुवायां के गांव धर्मंगदापुर खुर्द में पेड़ पर चढ़ने के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर करंट लगने से 30 वर्षीय राजपाल की मौत हो गई थी।
- 26 मार्च 2026 को खुटार के गांव भटनौसा में फाॅल्ट सही करते समय निजी लाइनमैन भगवानदास की करंट लगने से मौत हो गई थी।
- 19 जून 2026 को सिंचाई करते समय निजी नलकूप में करंट उतरने से उसकी चपेट में आकर गांव भूड़ा मैनारी निवासी सुरेशपाल यादव (42) की मौत हो गई थी।
पांच साल पुरानी थी लाइन, मरम्मत के नाम पर हो रही थी खानापूर्ति
पुवायां। खुटार क्षेत्र के गांव अटकोना में खेत के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन पांच साल पुरानी थी। मानसून से पहले इसकी मरम्मत होना चाहिए थी, लेकिन कर्मचारियों को स्टोर से सामान नहीं मिलने के कारण मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति की जा रही थी।
धान की रोपाई के सीजन से पहले बिजली की लाइनों के मरम्मत कार्य करने का नियम है, लेकिन तारों को बदलने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। वर्कऑर्डर भेजने के बाद भी जेई और एसडीओ को स्टोर से खंभा, तार, स्विच वॉयर आदि नहीं मिले। इसके चलते कार्य के नाम पर खानापूर्ति की जा रही थी। महेशपुर गांव के निजी नलकूप मालिक खूबलाल ने बताया कि उन्होंने पूर्व में तार के जर्जर होने की शिकायत लाइनमैन से की थी। सोमवार को फिर फाॅल्ट आने पर सही कराने के लिए लाइनमैन से कहा था। फाॅल्ट सही करने के बाद जैसे ही लाइन शुरू की गई, तार टूट गया।
एक्सईएन पुनीत निगम ने बताया कि उपकेंद्र से शटडाउन लिया गया था। तार जोड़ने के बाद लाइन चालू की गई थी। हादसे के बाद हाईटेंशन लाइन टूटने पर सब-स्टेशन का फीडर तुरंत ट्रिप हो गया था लेकिन जब तक बिजली जाती, पानी में करंट फैल चुका था। हालांकि तुरंत लाइन कटने से अन्य लोगों की जान बच गई।
एसई अनुज प्रताप सिंह ने बताया कि पूरे मामले की एक्सईएन से गहनता से जांच कराई जाएगी। जांच में जो दोषी मिलेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद

गांव अठकोना में गमगीन बैठे रामपाल के परिजन। संवाद- फोटो : नई सराय चौकी क्षेत्र में शहबाजपुर चौराहे पर सोमवार की देर रात बिजली ना आने को लेकर प्रदर्शन करते लोग. संवाद

गांव अठकोना में गमगीन बैठे रामपाल के परिजन। संवाद- फोटो : नई सराय चौकी क्षेत्र में शहबाजपुर चौराहे पर सोमवार की देर रात बिजली ना आने को लेकर प्रदर्शन करते लोग. संवाद

गांव अठकोना में गमगीन बैठे रामपाल के परिजन। संवाद- फोटो : नई सराय चौकी क्षेत्र में शहबाजपुर चौराहे पर सोमवार की देर रात बिजली ना आने को लेकर प्रदर्शन करते लोग. संवाद

गांव अठकोना में गमगीन बैठे रामपाल के परिजन। संवाद- फोटो : नई सराय चौकी क्षेत्र में शहबाजपुर चौराहे पर सोमवार की देर रात बिजली ना आने को लेकर प्रदर्शन करते लोग. संवाद

गांव अठकोना में गमगीन बैठे रामपाल के परिजन। संवाद- फोटो : नई सराय चौकी क्षेत्र में शहबाजपुर चौराहे पर सोमवार की देर रात बिजली ना आने को लेकर प्रदर्शन करते लोग. संवाद

गांव अठकोना में गमगीन बैठे रामपाल के परिजन। संवाद- फोटो : नई सराय चौकी क्षेत्र में शहबाजपुर चौराहे पर सोमवार की देर रात बिजली ना आने को लेकर प्रदर्शन करते लोग. संवाद