Shahjahanpur News: चोरों के सरगना ने पुलिस से बचने को लगवाए 10 CCTV कैमरे, गिरोह सहित पकड़ा गया
गिरोह का सरगना ताहिर है, जो 26 जनवरी 2023 को हत्या के मामले में 20 वर्ष की सजा काटने के बाद छूटकर आया है। ताहिर, उसका पुत्र सोहेल उर्फ दानिश व शानू हिस्ट्रीशीटर हैं।
विस्तार
शाहजहांपुर में थाना कांट पुलिस ने चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर पिता-पुत्र समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से चोरी का सामान, पांच बाइक व अवैध असलहा बरामद हुए हैं। आरोपियों ने कई राज्यों में घटनाओं को करना स्वीकार किया। पुलिस से बचने के लिए हिस्ट्रीशीटर ने अपने घर के चारों ओर 10 सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे थे। घर से बाहर रहते हुए भी वह मोबाइल पर सारी गतिविधियां देखता रहता था। ताकि पुलिस नजर आए तो वह सतर्क हो जाए।
शुक्रवार को थाना प्रभारी जयशंकर सिंह ने मुखबिर से सूचना पर मदनापुर रोड नहर की पटरी से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। एसपी एस. आनंद ने बताया कि पुलिस ने मोहल्ला कमलनैन निवासी शानू और कासिम, शेरान निवासी रहीस उर्फ गंगू को गिरफ्तार किया है। तीनों से पूछताछ के बाद शानू के पिता ताहिर को भी दबोचा गया। आरोपियों से चोरी पांच बाइक, गन्ना सेंटर से चुराए गए बांट, सबमर्सिबल पंप आदि चोरी का माल बरामद हुआ।
20 साल जेल से छूटा, फिर करने लगा अपराध
एसपी ने बताया कि गिरोह का सरगना ताहिर है, जो 26 जनवरी 2023 को हत्या के मामले में 20 वर्ष की सजा काटने के बाद छूटकर आया है। ताहिर, उसका पुत्र सोहेल उर्फ दानिश व शानू हिस्ट्रीशीटर हैं। दानिश कुछ दिन पहले गोलीकांड करने पर वर्तमान में जेल में है।
जेल जाने के बाद बेटों ने बनाया था नया गिरोह
एसपी एस.आनंद के अनुसार, ताहिर के जेल में जाने के बाद उसके बेटे दानिश और शानू ने नया गिरोह बनाकर अपराध करना शुरू कर दिया था। 28 फरवरी की रात कांट के सिमरिया सहसपुर में दानिश ने जलालुद्दीन नाम के व्यक्ति को गोली मारी। दानिश वर्तमान में जेल में बंद है। गिरोह का संपर्क बरेली व दिल्ली के अपराधियों से है। इनके साथ मिलकर ये लोग दिल्ली, बरेली, शाहजहांपुर व अन्य जगहों पर चोरी, वाहन चोरी व अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हैं।घर के बाहर अहाते में काटते थे चोरी के वाहन
पुलिस की पूछताछ में तथ्य सामने आया कि गिरोह के सदस्य अन्य प्रदेशों से चोरी के वाहन लाकर अपने घर के आहते में वाहन के टुकड़े करते थे। उसके बाद कबाड़ी को बेच देते थे, जिससे कबाड़ी को वाहन का पार्ट चोरी का होने का शक न हो।
चीनी मिल प्रबंधक ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
रोजा शुगर वर्कर्स के प्रबंधक करणी सिंह ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 12 दिसंबर 2022 को मोहन पर स्थापित कांटे की जांच में 50 किलो के 19 व 20 किलो के दो नग गायब मिले थे। उनकी तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया था।