Shahjahanpur: कॉस्मेटिक की दुकानों बिक रहा था नकली क्रीम-पाउडर, छह व्यापारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड की लीगल एडवाइजर ने नकली उत्पाद बेचे जाने की शिकायत सदर बाजार थाना पुलिस से की थी। इसके बाद पुलिस ने करीब छह दुकानों पर छापे मारे।
विस्तार
शाहजहांपुर में चूड़ी वाली गली में कॉस्मेटिक की दुकानों पर मारे गए छापे में करीब पांच लाख रुपये का नकली क्रीम, पाउडर और काजल बरामद किया गया। एक ब्रांडेड कंपनी की लीगल एडवाइजर नयनतारा की तहरीर पर पुलिस ने छह व्यापारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार शाम हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड की लीगल एडवाइजर नयनतारा ने कंपनी के उत्पादों के नाम से चूड़ी वाली गली में नकली उत्पाद बेचे जाने की शिकायत सदर बाजार थाना पुलिस से की थी। इसके बाद पुलिस ने करीब छह दुकानों पर छापे मारे। इस दौरान बड़ी संख्या में नकली कॉस्मेटिक सामान बरामद किया गया था। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में भी लिया था।
नयनतारा की ओर से चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दीवानजोगराज निवासी शुभम वाजपेयी, छोटी सब्जी मंडी निवासी तरुन कुमार जुनेजा, चूड़ी वाली गली निवासी अनूप कुमार, कटिया टोला निवासी मनीष गुप्ता, अमित गुप्ता और एमनजई जलालनगर निवासी सुशील कुमार के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ सिटी एपी सिंह ने बताया कि पुलिस ने 1140 नग कॉस्मेटिक बरामद किया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये है।