पीईटी 2026: परीक्षा के बाद शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर उमड़ी अभ्यर्थियों की भीड़, सीट के लिए हुई धक्का-मुक्की
शाहजहांपुर में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा की पहली पाली के बाद रविवार को रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ट्रेनों में सीट पाने के लिए मारामारी की स्थिति रही। जनरल कोच में जगह न मिलने पर कई युवा स्लीपर कोच में चढ़ गए।
विस्तार
शाहजहांपुर में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) की पहली पाली समाप्त होने के बाद रविवार को रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। ट्रेनों में सीट पाने के लिए मारामारी की स्थिति रही। त्रिवेणी एक्सप्रेस के बाद आई कोलकाता एक्सप्रेस और अमरनाथ एक्सप्रेस में भी सीट घेरने को लेकर अभ्यर्थियों के बीच धक्कामुक्की हुई। भीड़ के चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रविवार दोपहर करीब सवा 12 बजे त्रिवेणी एक्सप्रेस रेलवे स्टेशन पहुंची। उस समय स्टेशन पर अभ्यर्थियों की संख्या अपेक्षाकृत कम थी। ट्रेन के रवाना होने के बाद स्टेशन पर भीड़ बढ़ने लगी। देखते ही देखते प्लेटफॉर्म पर अभ्यर्थियों की भीड़ जमा हो गई।
दोपहर करीब दो बजे पहुंची कोलकाता एक्सप्रेस में सीट पाने के लिए अभ्यर्थियों में होड़ मच गई। इसके बाद आई अमरनाथ एक्सप्रेस में भी सीट को लेकर परेशानी रही। जनरल कोच में जगह नहीं मिलने पर कई युवा स्लीपर कोच में भी चढ़ गए। परीक्षा के बाद घर लौटने की जल्दी में परीक्षार्थियों को ट्रेनों में जगह पाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। सुरक्षा के लिए आरपीएफ और जीआरपी भी तैनात रही। स्टेशन अधीक्षक एके गौतम, सीएमआई एसके ठाकुर भी प्लेटफॉर्म पर भ्रमण करते रहे।
पहली पाली में 68.88 प्रतिशत परीक्षार्थी हुए शामिल
जिले में रविवार को 19 केंद्रों पर प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) आयोजित की गई। पहली पाली की परीक्षा में पंजीकृत 8688 अभ्यर्थियों में से 5984 शामिल हुए, जबकि 2704 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। इस तरह परीक्षा में 68.88 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।
पहली पाली की परीक्षा के लिए सुबह आठ बजे से ही केंद्रों पर अभ्यर्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। आर्य महिला इंटर कॉलेज के गेट पर अभ्यर्थियों की लंबी कतार लगी रही। यहां तलाशी और बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले ही सभी केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए। केंद्रों पर सीसी कैमरों से निगरानी की गई।
जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार ने बताया कि परीक्षा के लिए सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था की गई थी। निर्धारित प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए अधिकारियों की तैनाती भी की गई है