निगोही। पुलिस ने मुठभेड़ में अंतरजनपदीय बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों के पास से पुलिस टीम ने तीन हजार रुपये की नकदी, चोरी की बाइकें, मोबाइल, तमंचा, चाकू बरामद किया है। तीनों पर हरदोई, बरेली, सीतापुर, शाहजहांपुर में चोरी, लूटपाट के दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज है।
मुखबिर की सूचना पर निगोही प्रभारी निरीक्षक जयशंकर सिंह, दरोगा मानबहादुर, राजकुमार सिंह, थाना खुदागंज के दरोगा राजपाल सिंह, एसओजी प्रभारी जयप्रकाश टीम के साथ गांव बिछौली नहर पुलिया पर पहुंचे। जहां पुलिस को देख पहले से मौजूद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन बदमाशों को पकड़ लिया। पकड़े गए एक बदमाश ने अपना नाम निगोही निवासी सईद, दूसरे ने लबी, तीसरे ने थाना खुदागंज के गांव मकरंदापुर निवासी पुष्पेन्द्र उर्फ पूसा बताया। पूसा पर लूट, चोरी के थाना निगोही, खुदागंज में 19 मामले दर्ज हैं। वहीं गैंग लीडर सईद पर लूट, डकैती, चोरी, हत्या सहित दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। लबी पर भी जानलेवा हमला, चोरी, लूट के पांच मामले दर्ज हैं। निगोही प्रभारी निरीक्षक जयशंकर सिंह ने बताया गैंग लीडर सईद के गिरोह में 11-12 अन्य सदस्य हैं। जो रात में किराये पर चार पहिया वाहन लेकर निकलते हैं और मौका पाकर वाहन चोरी, मवेशी चोरी, लूट आदि घटनाओं को अंजाम देते हैं। इस गिरोह पर हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बरेली में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पकड़े गए तीनों बदमाशों से तीन चोरी की बाइकें, तीन हजार रुपये की नगदी, एक तमंचा 32 बोर, दो चाकू, तीन मोबाइल बरामद हुए।