{"_id":"58a9da2c4f1c1b931ad865d1","slug":"woman-s-body-found-canal","type":"story","status":"publish","title_hn":"नहर में मिली महिला की लाश ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
नहर में मिली महिला की लाश
ब्यूरो, अमर उजाला शाहजहांपुर
Updated Sun, 19 Feb 2017 11:25 PM IST
विज्ञापन
पुलिस ने शारदा नहर से एक अधेड़ महिला का शव बरामद किया है। मृतक के हाथ पर गुदे नाम से शिनाख्त के बाद पुलिस जब उसके गांव पहुंची तो पति दूसरी पत्नी के साथ घर से गायब मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पुलिस घटना को आत्महत्या मानकर चल रही है, वहीं पति के घर से गायब होने पर कुछ लोग हत्या की आशंका जाहिर कर रहे हैं। क्षेत्र के गांव पिथनापुर तथा काबिलपुर के बीच स्थित शारदा नहर की काबिलपुर पुलिया के पास रविवार दोपहर लगभग 12 बजे ग्रामीणों ने एक महिला का शव पानी में उतराते हुए देखा तो पुलिस को दी। कोतवाल दयाचंद्र शर्मा और एसआई स्वामीनाथ पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। नहर से शव को बाहर गया और उसकी शिनाख्त की कोशिश शुरू हुई। यहां उसके हाथ में गुदे हुए नाम के आधार पर उसकी शिनाख्त गांव गोपालपुर जदीद निवासी नरेंद्र यादव की पहली पत्नी ईश्वरवती के रूप में हुई। पुलिस जब नरेंद्र यादव के घर पहुंची तो पता लगा कि नरेंद्र अपनी दूसरी पत्नी के साथ कहीं गया हुआ है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि मृतका ईश्वरवती का विवाह लगभग 20 वर्ष पहले नरेंद्र यादव के साथ हुआ था। उसकी आठ साल की पुत्री अल्पना है। बताया कि लगभग चार साल पहले नरेंद्र एक बंगाली महिला को कहीं से ले आया और उसे बतौर पत्नी साथ रखने लगा। दूसरी महिला से उसके दो पुत्र हैं। पुलिस ने बताया कि नरेंद्र तीन भाई हैं। बड़ा रविंद्र, मझला नरेंद्र तथा तीसरा इंद्र यादव है। तीनों भाई आसपास अलग-अलग मकानों में रहते हैं। मृतका ईश्वरवती का मायका थाना निगोही के गांव रेवा में है। कोतवाल दयाचंद्र शर्मा ने बताया कि वह गांव गए थे। पता चला कि मृतका का पति नरेंद्र दूसरी पत्नी को घुमाने ले गया है। हो सकता है कि इसी बात से क्षुब्ध होकर ईश्वरवती ने आत्महत्या कर ली हो।
विज्ञापन