नवविवाहिता ने मायके में फांसी लगाकर दी जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
निगोही थाना क्षेत्र के गांव रामपुर स्थित मायके में 25 वर्षीय अनुराधा ने मंगलवार शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मायके वालों का आरोप है कि ससुराली बाइक की मांग कर रहे थे। इसी वजह से उसने मानसिक तनाव में आकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतका की शादी दो महीने पहले कांट थाना क्षेत्र के गांव मोतिहासा के नीरज से हुई थी। गांव रामपुर संडाखास निवासी माखनलाल पुत्र टाकनलाल ने बताया कि शादी की पहली विदा के बाद चौथे दिन बहन को वह विदा कराकर मायके ले आया। इसके बाद ससुराल वाले बहन को लेने नहीं आए। आरोप लगाया कि मोबाइल फोन पर जब भी कभी बहन की बात हुई तो नीरज ने बाइक दिलाने की मांग शुरू कर दी। इस पर उसने और उसके परिवार वालों ने कहा कि कुछ दिन रुक कर कांट में मकान के लिए जगह खरीदकर दे देंगे, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। मंगलवार को बहन की ससुराल वालों से मोबाइल पर बात हुई तो उसने देवर से बात होने की जानकारी दी लेकिन बात क्या हुई, यह नहीं बताया। इसके बाद से वह कुछ गुमसुम हो गई। बुधवार शाम लगभग सात बजे उसने रस्सी से गले मेें फांसी का फंदा कसा और कमरे में कुंडे से लटक गई। माखनलाल ने बताया कि उस वक्त परिवार के लोग घर के बाहर हो रहे नाली निर्माण कार्य को देख रहे थे। जब उसने मकान के अंदर जाकर बहन को आवाज लगाई तो जवाब नहीं मिला। कमरे का दरवाजा अंदर से भिड़ा था, जब उसने धक्का देकर खोला तो सामने बहन की लाश लटकी थी। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। निगोही थाने के कार्यवाहक प्रभारी आरके शर्मा ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है।