{"_id":"ad3f89073b3f536fe8e8f4641c00f11f","slug":"high-tension-line-to-be-vulnerable-to-the-death-of-worker-hindi-news-2","type":"story","status":"publish","title_hn":"हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मजदूर की मौत","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मजदूर की मौत
शाहजहांपुर।
Updated Thu, 25 Feb 2016 08:55 PM IST
विज्ञापन
गंगसरा निवासी छोटेलाल का 18 वर्षीय पुत्र हरिओम गांव के ही विजय वर्मा, रामकिशोर, बबलू, शिवलाल और पप्पू के साथ ग्राम इनायतपुर के लखविंदर सिंह के खेत से खोदे गए आलू ट्रक में लोड करने गया था। आलू लोड करने के दौरान निगोही निवासी चालक बांकेलाल ने अचानक ट्रक आगे बढ़ा दिया। इससे ट्रक में चढ़कर आलू लोड कर रहा हरिओम ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और वह बेसुध होकर गिर गया। तभी बिजली की लाइन से चिंगारियां निकलने लगी। यह देख ट्रक चालक और एक अन्य श्रमिक मौके से भाग गए। बिजली का करंट उतरने से ट्रक के पहियों में आग लग गई। इससे ट्रक का एक पहिया तेज धमाके के साथ फट गया।
विज्ञापन
इस बीच तार टूटकर गिरने पर लाइन ट्रिप कर गई, जिससे बिजली सप्लाई बंद हो गई। इसके बाद खेत स्वामी लखविंदर सिंह अन्य श्रमिकों के साथ हरिओम को उठाकर सरकारी अस्पताल ले गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे की सूचना घर पहुंची तो हरिओम के परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेने के साथ चालक बांकेलाल को हिरासत में ले लिया। हरिओम के परिवार में मां नंदरानी, भाई कल्लू, विकास और बहन लड़ैती हैं। भाई कल्लू ने ट्रक चालक बांकेलाल और फार्मर लखविंदर सिंह के खिलाफ तहरीर दी है।
विज्ञापन