{"_id":"57780dea4f1c1bd24979b798","slug":"drunk-lost-temper-fired-and-died","type":"story","status":"publish","title_hn":"नशे में आपा खोया, गोलियां चलाईं और मर गई मासूम","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
नशे में आपा खोया, गोलियां चलाईं और मर गई मासूम
ब्यूरो /शाहजहांपुर
Updated Sun, 03 Jul 2016 12:24 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहले साथ बैठकर शराब पी, आपस में कहासुनी हुई तो आपा खो बैठे और घरों से असलहे निकाल लाए। एक दूसरे पर अंधाधुंध फायरिंग की। दो गोलियां अपनी ननिहाल आई तीन साल की मासूम को जा लगीं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना कांट क्षेत्र के मदरौली गांव की है जहां बदायूं की तीन साल की मासूम मौसमी शराबियों की गोली का शिकार हो गई। आरोपी मौके से असलहे लहराते भाग निकले। मासूम की मां की तहरीर पर पुलिस ने गांव के दोनों युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बदायूं के थाना हजरतपुर क्षेत्र के गांव बखतपुर निवासी भीष्मपाल की पत्नी रितु देवी इन दिनों अपने बच्चों के साथ अपने मायके में पिता इंद्रजीत के घर मदरौली आई हुई थीं। शनिवार शाम करीब पांच बजे गांव के सुरजीत सिंह और रवींद्र सिंह ने शराब पी और किसी बात पर कहासुनी होने के बाद गांव में पीपल के पेड़ के नीचे एक दूसरे से नशे में भिड़ गए। झगड़ा बढ़ा तो रवींद्र अपने घर से अपनी लाइसेंसी रायफल और सुरजीत देशी बंदूक ले आया। दोनों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इससे गांव में भगदड़ मच गई। इसी दौरान आरोपियों की तरफ से चलाई गई दो गोलियां अपने नाना के दरवाजे पर खड़ी रितु की तीन वर्षीय बेटी मौसमी को लग गईं। एक गोली उसके सीने और दूसरी पैर में लगी। गोलियां लगते ही मासूम बच्ची जमीन पर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत होते ही उसके घर में कोहराम मच गया। यह देख आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपियों को तलाश किया लेकिन उनका पता नहीं चला। पुलिस ने रितु की तहरीर पर आरोपी सुरजीत सिंह और रवींद्र सिंह के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कांट के थाना प्रभारी राकेश यादव ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं।
विज्ञापन