जैतीपुर एवं तिलहर में महिला और किशोरी की चोटी कटी, दहशत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सूबे में मथुरा के बाद अब शाहजहांपुर में दो जगह चोटी कटने की घटना होने से जिले में दहशत का माहौल है। पहली घटना जैतीपुर क्षेत्र के गांव कुलुआबोझ में बृहस्पतिवार की सुबह घटी। जहां एक महिला की किसी ने चोटी काट ली, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। वहीं शाम सात बजे तिलहर के मोहल्ला मौजमपुर में भी एक किशोरी के बाल काटने की घटना घट गई। जिसके बाद किशोरी भी बेहोश हो गई। दिनभर में चोटी कटने की दो घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। गांव कुलुआबोझ निवासी देवेंद्र की 25 वर्षीय पत्नी रोशनी सुबह लगभग नौ बजे मकान के अंदर हैंडपंप के पास बर्तन साफ कर रही थी। पति देवेंद्र खेत पर गए हुए थे। सास नत्था देवी कमरे में झाडू लगा रहीं थीं। नत्था देवी ने बताया कि उसे बर्तन गिरने की आवाज सुनाई दी जिस पर वह कमरे के बाहर निकलीं तो देखा कि आंगन में बहू रोशनी बेहोश पड़ी थी और बर्तन बिखरे पड़े थे। पास में ही कुछ बाल कटे हुए पड़े थे। यह देखकर नत्था देवी की चीख निकल गई और वह दहशत से मकान के बाहर भाग निकली। नत्था की चीख सुनकर आसपास मकान के लोग आ गए और चोटी कटने की चर्चा होते ही देवेंद्र के मकान में भीड़ लगनी शुरू हो गई। सूचना मिलते ही देवेंद्र भी खेत से भागकर आया तो पत्नी को देखकर वह भी बेसुध हो गया। ग्रामीणों ने यूपी 100 पुलिस को सूचना दी लेकिन पुलिस नहीं आई। इसके बाद रोशनी को प्राइवेट वाहन से बेहोशी की हालत में सीएचसी पहुंचाया। जहां उसे शाम 4 बजे हल्का होश आया है। वहीं इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। वहीं तिलहर के मोहल्ला मौजमपुर में शाम करीब 7 बजे एक मुस्लिम परिवार की 15 वर्षीय किशोरी के सिर के पिछले हिस्से के बाल कट लिए गए। घर आने पर वह बेहोश होकर गिर गई। किशोरी के परिजनों ने बताया कि उसकी पुत्री मोहल्ले की एक परचून की दुकान से सामान लेने गई थी, इसी दौरान बुर्का पहने एक भिखारिन ने उसके सिर के पीछे के बाल काट लिए। जब लड़की सामान लेकर घर आई तब वह बेहोश होकर गिर पड़ी होश में आने पर वह बड़बड़ाती हुई नजर आई। उधर, एसडीएम मोइन उल इस्लाम ने घटना को अफवाह बताते हुए इस पर ध्यान न देने की अपील की है।