शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश फिशरमैन कांग्रेस कमेटी की ओर से बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन दिया गया। इसमें कहा कि वर्तमान की केंद्र व प्रदेश सरकार में वादा खिलाफी ही हुई है। मोदी और योगी ने कश्यप निषाद समुदाय को अनुसूचित जाति का आरक्षण और अधिकार अभी तक नहीं दिया। इसको लेकर फिशरमैन कांग्रेस ने अनिश्चितकालीन आरक्षण सत्याग्रह शुरू किया है।
मांग है कि 17 जातियों को अनुसूचित जाति का आरक्षण प्रदान किया जाए। मछली पालन, मौरंग, बाबू खनन के पट्टे कश्यप निषाद समाज को दिए जाएं। मछली पालन को कृषि का दर्जा, मछुआ समुदाय के बकाया बिजली बिल माफी तथा निशुल्क लाइट देने, माफिया के कब्जे तालाबों से हटवाने की मांग भी की गई। प्रदर्शन करने व ज्ञापन देने वालों में महानगर अध्यक्ष पवन सिंह, प्रदेश महासचिव नरेंद्र कश्यप, जिला अध्यक्ष सुरेंद्र पाल कश्यप, पुनीत कश्यप, परमेश्वर दयाल, अमित कुमार आदि शामिल रहे। संवाद