शाहजहांपुर। मानदेय के लिए एक बार फिर आशा वर्कर्स स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ मुखर हो गईं हैं। सीएमओ कार्यालय में हंगामा करने के बाद बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश आशा वर्कर यूनियन के आह्वान पर जुलूस निकालकर कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया गया। इस बीच राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को दिया गया।
सुबह करीब दस बजे आशा वर्कर्स जीआईसी के खेल मैदान पर एकत्र हुईं और धरने पर बैठ गईं। अध्यक्ष कमलजीत कौर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने बिना बताए आशाओं का भुगतान रोक दिया है। आशा वर्कर्स का शोषण किया जा रहा है। भुगतान नहीं होने के कारण आशा वर्कर्स एमडीए अभियान में कार्य नहीं कर रहीं हैं।
दोपहर बाद जुलूस निकालकर जोरदार तरीके से प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया गया। इसमें आशा वर्कर्स का पूर्व से बकाया भुगतान कराने, फाइलेरिया, कुष्ठ अभियान का भुगतान कराने, निजी अस्पताल में गर्भपात करने वाली भावलखेड़ा की संगिनी पर कार्रवाई करने, डीसीपीएम का तबादला कराने, यूनियन की अध्यक्ष को धमकाने वाले पर कार्रवाई करने समेत कई मांगों को उठाया गया। ज्ञापन देने वालों में रविंद्र, सुनीता त्रिपाठी, रोशनी, मीरा देवी, निशा दीक्षित, नीतू, सविता, सुनीता, रामबेटी, चंद्र कुमारी, प्रेमलता आदि शामिल रहीं।