फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Shahjahanpur News ›   नगरपालिका की शहर सीट पर सपा का लगातार चौथी बार कब्जा

नगरपालिका की शहर सीट पर सपा का लगातार चौथी बार कब्जा

Sat, 02 Dec 2017 10:02 AM IST
Updated Sat, 02 Dec 2017 10:02 AM IST
विज्ञापन
नगरपालिका की शहर सीट पर सपा का लगातार चौथी बार कब्जा
शाहजहांपुर। नगरपालिका अध्यक्ष पद की प्रतिष्ठापूर्ण शहर सीट पर सपा ने लगातार चौथी बार कब्जा कर लिया। यहां से भाजपा प्रत्याशी नीलिमा प्रसाद से सपा उम्मीदवार जहांआरा बेगम ने 5361 मतों की बढ़त लेकर चुनाव जीत लिया। उधर, कांट नगर पंचायत से सपा की सुरैया बेगम और रोजा नगर पंचायत से निर्दलीय नीतू जाटव चेयरमैन निर्वाचित हुई हैं। जीएफ कॉलेज में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच तीनों निकायों की मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू हो गई, लेकिन दोनों नगर पंचायतों के चुनाव परिणाम की अधिकृत घोषणा दिन ढलने के बाद हो सकी।
विज्ञापन

भाजपा ने शहर सीट से जिले के सियासी दिग्गजों में शुमार पूर्व एमएलसी जयेश प्रसाद की पत्नी नीलिमा प्रसाद को उम्मीदवार बनाया था। इसी सीट से लगातार तीन बार चेयरमैन रहे सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां की मां जहांआरा बेगम को सपा प्रत्याशी बनाए जाने से चुनाव को दोनों पार्टी खेमों ने अपनी प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया। इसके चलते जिले के दसों निकायों में शहर सीट के चुनाव नतीजों पर जन सामान्य की सुबह से निगाहें टिकी हुईं थीं। यही वजह रही अन्य तहसीलों के लोग भी अपने क्षेत्र के निकायों से अधिक शहर की नगरपालिका सीट के नतीजे जानने को खासे उत्सुक बने रहे।
विज्ञापन

सुबह सात बजे से पहुंचने लगे कर्मचारी और मतगणना एजेंट
मतों की गिनती का काम आठ बजे से शुरू होना था, लेकिन जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम नरेंद्र कुमार सिंह के निर्देशानुसार मतगणना कार्मिक और एजेंट सुबह सात बजे से जीएफ कॉलेज जाकर अपनी ड्यूटी लेने लगे। वहां मौजूद आरओ ने निर्धारित काउंटरों पर उनकी उपस्थिति दर्ज कराने के साथ उन्हें तीनों निकायों के गणना स्थलों की निर्धारित टेबलों पर भेजा। प्रत्याशियों के गणना अभिकर्ताओं के समक्ष कर्मचारियों ने ठीक आठ बजे सील मतपेटिकाएं खोलकर पहले फोल्ड मतपत्रों को खोलकर उन्हें सीधा किया और बाद में 50-50 मतपत्रों की गड्डियां बनाईं। करीब एक घंटे तक यह काम जारी रहने के बाद सुबह नौ बजे से तीनों निकायों की एक साथ मतगणना आरंभ कराई गई।
विज्ञापन
विज्ञापन


सपा ने पहले राउंड से लेकर आखिरी चक्र तक बनाए रखी बढ़त
मतगणना शुरू होने के चार घंटे बाद दोपहर एक बजे घोषित पहले राउंड में ही सपा प्रत्याशी जहांआरा बेगम ने भाजपा प्रत्याशी नीलिमा से 3752 वोटों की बढ़त ले ली। पहले चक्र की मतगणना में जहांआरा ने 16817 और नीलिमा ने 13065 वोट हासिल किए। अपराह्न तीन बजे तक दूसरे चक्र के मतों की गिनती पूरी होने तक दोनों प्रत्याशियों में वोटों का अंतर बढ़कर 4207 हो गया। एक घंटे बाद तीसरे चरण का परिणाम सामने आने पर वोटों का अंतर और बढ़ गया। इस राउंड तक जहांआरा 47150 और नीलिमा को 41677 वोट मिल चुके थे। शाम पांच बजे चौथे चक्र की मतगणना में भाजपा प्रत्याशी से जहांआरा 5931 मतों की बढ़त हासिल कर चुकी थीं। आधा घंटे बाद पांचवा राउंड घोषित होने पर जहांआरा और नीलिमा के बीच वोटों का फासला मामूली रूप से घटकर 5857 रह गया। दिन ढले शाम करीब छह बजे अंतिम चक्र की मतगणना में भी दोनों उम्मीदवारों के बीच वोटों का अंतर कम हुआ, लेकिन निर्णायक परिणाम सपा प्रत्याशी के पक्ष में गया। आखिरी राउंड में पहुंचने तक जहांआरा बेगम ने 63300 वोट हासिल कर लिए, लेकिन भाजपा की नीलिमा प्रसाद केवल 57939 वोट जुटा सकीं।

337 मतदाताओं ने ठुकराए सभी उम्मीदवार
नगरपालिका अध्यक्ष की शहर सीट से जहां तमाम लोगों ने पार्टीगत और निर्दलीय उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान किया, वहीं 337 ऐसे मतदाता भी हैं, जिन्होंने किसी भी प्रत्याशी को वोट देने लायक नहीं समझा। ऐसे वोटरोें ने मतदान में हिस्सा लिया, लेकिन बैलट पेपर पर मोहर नोटा वाले खाने में ठोंक दी।


कांग्रेस और बसपा समेत निर्दलीयों की जमानत जब्त
चुनाव नतीजे आने के साथ शहर सीट से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने वाले बसपा और कांग्रेस प्रत्याशियों समेत अन्य सभी निर्दलीय उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी/प्रभारी पंचस्थानीय चुनावालय सरोज कुमार ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार उन्हीं प्रत्याशियों को नामांकन कराते वक्त जमा की गई जमानत राशि लौटाने का प्रावधान है जो कुल पड़े वैध मतों का छठा हिस्सा अर्थात 1/6 मत प्राप्त कर लेंगे। जमानत बचाने के लिए कुल पड़े वैध मतों 131456 के सापेक्ष प्रत्याशियों को न्यूनतम 21909 वोट हासिल करना जरूरी था। इस कसौटी के आधार पर बसपा प्रत्याशी हसीन समेत कांग्रेस उम्मीदवार नसरीन, भाकपा की गीता पांडेय, लोकदल उम्मीदवार श्यामा, पीस पार्टी प्रत्याशी शहनाज बानो, निर्दलीय गीता, प्रज्ञा पाठक, फरजाना, मेहरुनिसा और शमां बेगम की जमानत जब्त हो गई है। अध्यक्ष पद के लिए सामान्य वर्ग के प्रत्याशियों से 8000 रुपये और आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों से 4000 रुपये बतौर जमानत जमा कराए गए थे।

शाहजहांपुर नगरपालिका परिषद का चुनाव परिणाम: एक नजर
---------------------------------------------
प्रत्याशी प्राप्त मत
0 गीता पांडेय (भाकपा) 599
0 जहांआरा बेगम (सपा) 63300
0 नसरीन (कांग्रेस) 634
0 नीलिमा प्रसाद (भाजपा) 57939
0 श्रीमती श्यामा (लोकदल) 228
0 हसीन (बसपा) 3206
0 शहनाज बानों 133
0 गीता 660
0 प्रज्ञा पाठक 2760
0 फरजाना 225
0 मेहरुन्निसा 1196
0 शमां बेगम 239
कुल पड़े वैध मत 131456
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed