धनघटा। उप निबंधक कार्यालय भवन को धनघटा तहसील परिसर में स्थानांतरित करने की मांग को लेकर शुक्रवार को अधिवक्ताओं ने तहसील में प्रदर्शन किया। कार्यालय स्थानांतरित नहीं किए जाने पर अधिवक्ताओं ने विभाग के घेराव की चेतावनी दी है। उपनिबंधक कार्यालय भवन को लेकर पिछले पांच महीनों से जारी अधिवक्ताओं का धरना प्रदर्शन अभी भी जारी है। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता लाल शरण सिंह ने कहा कि उपनिबंधक कार्यालय का नव निर्मित भवन विवादों के घेरे में आ चुका है।
संबंधित विभाग न्यायालय के स्थगन आदेश की अवहेलना करते हुए भवन निर्माण करवा रहा है। जिम्मेदार अधिकारी उप निबंधक कार्यालय का तहसील परिसर में यदि शीघ्र स्थानांतरण नहीं किए तो अधिवक्ता संबंधित विभाग का घेराव करेंगे। तहसील अध्यक्ष हनुमान चौधरी व संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने कहा कि उपनिबंधक कार्यालय भवन का निर्माण गैर कानूनी है। इसे रोकने के लिए अधिवक्ता संघर्ष कर रहे हैं। इस अवसर पर प्रेम नरायन मिश्र, प्रभुनाथ यादव, अन्नपूर्णा मांझी, जय प्रकाश नरायन तिवारी, पीयूष पाल, संजय सिंह, राम सुरेश व अन्य लोग मौजूद रहे।