संविदा विद्युतकर्मियों ने किया कार्य बहिष्कार
संतकबीरनगर। विद्युत मजदूर संगठन एवं विद्युत संविदा मजदूर संगठन के बैनर तले संविदा विद्युतकर्मियों ने शुक्रवार को कार्य बहिष्कार करते हुएबगहिया उपकेंद्र पहुंच कर धरना दिया। इस दौरान संविदा विद्युतकर्मियों ने मानदेय भुगतान न होने पर आक्रोश जताया और कहा कि जल्द ही भुगतान नहीं कराया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
संगठन के जिलाध्यक्ष विजय नंदन के नेतृत्व में संविदाकर्मी कार्य बहिष्कार करने के बाद बगहिया विद्युत उपकेेंद्र पहुंचे और धरना पर बैठ गए। संगठन के प्रभारी विनोद कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कर्मचारियों को मानदेय विभागीय अधिकारी की मिलीभगत से नहीं मिल पा रहा है। इसके साथ ही अन्य कई समस्याएं हैं, जिसका निस्तारण नहीं किया जा रहा है। ऐसे में मजबूरन आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना पड़ा है। संगठन के उपाध्यक्ष श्रीकांत शुक्ला व कोषाध्यक्ष सतीश कुमार ने कहा कि अधिकारियों की मनमानी के चलते कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ रहा है। यदि समस्या का निस्तारण नहीं किया गया तो इसकी जिम्मेदारी अधिकारियों की होगी। इस दौरान ज्ञानेश श्रीवास्तव, दीपचंद्र, सुल्तान अली, विनोद कुमार मौर्य, अखिलेश सिंह, परमात्मा प्रसाद, बादल खान, अखिलेश, मेवालाल, परविंद चौधरी, सुजीत कुमार, सुनील कुमार, अनिरूद्ध मौर्य आदि मौजूद रहे।